Trending

पैरा बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप : सुहास एलवाई, प्रमोद, कृष्णा फाइनल में

पैरा बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप में भारत के सुहास एलवाई, प्रमोद भगत और कृष्णा नागर में अलग अलग वर्गों के पुरूष एकल फाइनल में आ गए। दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी सुहास एलवाई ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी फ्रांस के लुकास माजूर को 21-16, 21-19 से हराया। वह पहली बार एसएल4 पुरूष एकल वर्ग के फाइनल में पहुंचे हैं।

साभार : गूगल

लुकास मौजूदा विश्व चैम्पियन और पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता हैं। कर्नाटक के रहने वाले सुहास एलवाई 2007 उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी व उत्तर प्रदेश सरकार में युवा कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल के महानिदेशक और सचिव हैं। अब उनका सामना इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान से होगा।

एसएल4 वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में सुकांत कदम को सेतियावान ने 21-13, 21-19 से हराया। पुरूष एकल एसएल3 वर्ग में पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता प्रमोद भगत ने भारत के मनोज सरकार को 23-21, 20-22, 21-18 से हराया। अब वह इंग्लैंड के डेनियल बेथेल से खेलेंगे।

बेथेल ने भारत के नीतेश कुमार को 21-18, 20-22, 21-14 से हराया। एसएच6 वर्ग में पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता नागर ने ब्राजील के विटोर टावारेस को 21-16, 21-17 से हराया। अब वह चीन के लिन नेइली से खेलेंगे।

महिला एकल एसयू5 वर्ग में मनीषा रामदास ने फ्रांस की एम लेफोर्ट को 19-21, 21-20, 21-14 से हराया। अब उनका सामना चीन की यांग कियू शिया से होगा।

एसएच6 महिला युगल वर्ग में रचना शैलेशकुमार और नित्या श्री सुमति सिवन भी फाइनल में आ गई। पुरूष युगल में चिराग बेरेथा और राजकुमार तथा महिला युगल में मनदीप कौर और मनीषा रामदास ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

महिला एकल वर्ग में नित्याश्री, पलक कोहली और मनीषा गिरीशचंद्र अपने अपने सेमीफाइनल हार गई जिससे उन्हें कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।