महिला प्रीमियर लीग: जीत से मुंबई इंडियंस पहले पायदान पर
महिला प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन की शुरुआत से ही गत चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अंक तालिका पर पकड़ मजबूत करना शुरू कर दी है। सीजन के पहले दो मैच जीतने के बाद हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई 4 अंक के साथ पहले स्थान पर आ गई है।
एमआई के अलावा लीग की दूसरी टीम आरसीबी ही है जिसका अब तक खाता खुला है। स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले मैच में यूपी वॉरियर्स को धूल चटाई थी। ये दोनों टीमें डब्ल्यूपीएल 2024 अंक तालिका टेबल के टॉप-2 में है।

हरमनप्रीत कौर की मुंबई इंडियंस ने डब्ल्यूपीएल 2024 के दूसरे सीजन का आगाज पिछले सीजन की उप-विजेता रही दिल्ली कैपिटल्स को हराकर ही किया था। पहले मैच में एमआई ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी। रविवार रात उनका दूसरा मैच गुजरात जाएंट्स के साथ हुआ जहां उन्होंने टारगेट का पीछा करते हुए 5 विकेट से जीता।
एमआई के खाते में इन दो लगातार जीत के साथ 4 अंक हो गए हैं और वह फिलहाल अंक तालिका में पहले पायदान पर है।
मुंबई इंडियंस के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर अंक तालिका में अपना खाता खोलने में सफल रही है। दिल्ली कैपिटल्स, यूपी वॉरियर्स और गुजरात जाएंट्स अपना-अपना पहला मुकाबला हारकर क्रमश: तीसरे चौथे और पांचवे पायदान पर हैं।

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने आई गुजरात जाएंट्स 20 ओवर में 9 विकेट पर 126 रन ही बोर्ड पर लगाने में कामयाब रही। शबनीम इस्माइल ने शुरुआत से ही जीजी की बैटर्स पर अपना शिकंजा कसा हुआ था, उन्होंने कुल तीन विकेट चटकाए।
मिडिल ओवर्स में अमेलिया केर ने 4 विकेट हॉल लेकर गुजरात की कमर तोड़ दी। गुजरात के लिए 9वें नंबर पर बैटिंग करने आईं तनुजा कंवर 28 रनों के साथ टॉप स्कोरर रही। 127 रनों के आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत तो अच्छी नहीं रही थी।
टीम ने 50 रन के अंतर टॉप-3 बल्लेबाजों को खो दिया था। मगर तब कप्तान हरमनप्रीत कौर (46) ने अमेलिया केर (31) के साथ टीम को संभाला और मुंबई को सीजन की दूसरी जीत 11 गेंदें शेष रहते दिलाई। अमेलिया केर को उनके ऑलराउंड परफॉर्मेंस के चलते प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।