इटैलियन जूनियर बैडमिंटन : भारत की रक्षा एकल चैंपियन
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी रक्षा कांदासामी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में हमवतन अनन्या अग्रवाल को 21-14, 21-12 से हराकर इटैलियन जूनियर एकल खिताब जीता।
इटली के मिलान में 23 से 25 फरवरी तक हुए टूर्नामेंट में रक्षा ने शानदार प्रदर्शन किया और 64 खिलाड़ियों के ड्रॉ में एक गेम नहीं गंवाते हुए खिताब जीता।

सेमीफाइनल में रक्षा ने एकतरफा मैच में हमवतन भारतीय प्राकृति भरत को 21-10, 21-8 से हराया था क्वार्टर फाइनल में स्लोवेनिया की आंजा ब्लेजिना को 21-9, 21-14 से हराया था।
पिछले साल ऑल इंग्लैंड जूनियर ओपन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली रक्षा ने कहा, ‘‘यह जीत वास्तव में काफी प्रेरणादायक है और पिछले कुछ महीनों में मेरे खेल में जिस तरह से सुधार हुआ है, उससे मैं वास्तव में खुश हूं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रदर्शन वास्तव में हौसला बढ़ाने वाला है और मैं यूरोप में कई और टूर्नामेंटों में प्रतिस्पर्धा करने के लिए उत्सुक हूं। मुंबई की 17 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी रक्षा 11वीं कक्षा में पढ़ती है। वह विश्व जूनियर्स में जगह बनाने के उद्देश्य से कुछ और टूर्नामेंटों में हिस्सा लेने के लिए यूरोप में रहेंगी।