चेन्नई सुपर किंग्स का कैंप शुरू, दीपक चाहर सहित आधा दर्जन प्लेयर्स पहुंचे
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2024 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यहां चेपॉक स्टेडियम में शनिवार को फ्रेंचाइजी का ट्रेनिंग कैंप शुरू हो गया।
तेज गेंदबाज दीपक चाहर समेत आधा दर्जन प्लेयर्स इस कैंप में हैं, ऋतुराज गायकवाड चेन्नई पहुंच चुके हैं, टीम के कप्तान एमएस धोनी के शामिल होने की पुष्टि नहीं हो सकी है। धोनी एक दिन पहले जामनगर में साक्षी के साथ मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी की प्री-वेडिंग सेरेमनी में देखा गया था।

तमिलनाडु क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने बताया- ‘स्थानीय (भारतीय) प्लेयर्स का पहला जत्था शुक्रवार को यहां पहुंच गया है। अगले कुछ दिनों में और प्लेयर्स के आने की उम्मीद है। टीम 22 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होम ग्राउंड में अपने अभियान का आगाज करेगी।
चेन्नई सुपर किंग्स ने एक दिन पहले प्लेयर्स के चेन्नई पहुंचने की पुष्टि की थी। इसमें सिमरजीत सिंह (तेज गेंदबाज), राजवर्धन हंगरगेकर (ऑलराउंडर), मुकेश चौधरी (तेज गेंदबाज), प्रशांत सोलंकी (स्पिनर), अजय मंडल (ऑल-राउंडर) और दीपक चाहर (तेज गेंदबाज) का नाम था। शनिवार को ऋतुराज गायकवाड भी पहुंच गए हैं।
आईपीएल का मौजूदा सीजन 22 मार्च से शुरू होगा। बीसीसीआई ने भारतीय लीग के पहले फेज का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस सीजन का ओपनिंग मैच डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच चेन्नई में होगा।
तेज गेंदबाज दीपक चाहर अपनी टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करके राष्ट्रीय टीम में वापसी करना चाहेंगे। उन्होंने पिछले साल दिसंबर के बाद से किसी भी फॉर्मेट में क्रिकेट नहीं खेला है।
वे अपने पिता की बीमारी के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज के बीच से हट गये थे और दक्षिण अफ्रीका के दौरे से भी उन्होंने नाम वापस ले लिया था।
उन्होंने पिछले महीने बेंगलुरु में नेशनल क्रिकेट अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान खुद को पूरी तरह से फिट घोषित किया था। चोट से परेशान दीपक जून में वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए राष्ट्रीय टीम में वापसी पर नजरें हैं।