पांचवें टेस्ट के लिए धर्मशाला में भारत-इंग्लैंड की टीमें
धर्मशाला मैदान में 7 मार्च से होने वाले भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के अंतिम टेस्ट के लिए रविवार को दोनों टीमों के खिलाड़ी धर्मशाला आ गए। कप्तान रोहित शर्मा और कुछ खिलाड़ी धर्मशाला नहीं पहुंचे हैं।
खराब मौसम के बावजूद चंडीगढ़ से कांगड़ा एयरपोर्ट पर दोनों टीमों के खिलाड़ी एक ही विमान से पहुंचे। एयरपोर्ट से दोनों ही टीमों के प्लेयर्स को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में अलग-अलग वाहनों से धर्मशाला में कंडी स्थित होटल ब्लू रेडिसन लाया गया। दोनों टीमों के प्लेयर्स के ठहरने की व्यवस्था इसी होटल में हुई है।

एचपीसीए धर्मशाला स्टेडियम में 7 मार्च से 11 मार्च तक टेस्ट सीरीज का पांचवां व आखिरी टेस्ट खेला जाना है। सीरीज भारत पहले ही तीन-एक से नाम कर चुका है। धर्मशाला टेस्ट को जीतकर वह इस जीत को चार-एक करने के लिए उतरेगा। इंग्लैंड सीरीज के अंतिम मैच को जीतकर इसे तीन-दो करने के लिए मशक्कत करेगी।
रविवार सुबह दोनों टीमों के खिलाड़ी कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे, तब मौसम खराब की वजह से बूंदाबांदी हो रही थी। हल्की बूंदाबांदी ने दोनों टीमों का स्वागत किया। एचपीसीए पदाधिकारी दोनों टीमों को रिसीव करने के लिए एयरपोर्ट आये थे।
एचपीसीए ज्वाइंट सेक्रेटरी विशाल शर्मा ने बताया कि इंग्लैंड के सभी प्लेयर्स का आगमन हो चुका, भारत के कुछ खिलाड़ी टेस्ट से पहले धर्मशाला पहुंचेंगे, जिनमें कप्तान रोहित शर्मा भी हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों टीमों के प्लेयर्स का स्वागत हिमाचली संस्कृति के मुताबिक होटल में किया गया। एचपीसीए टेस्ट के लिए पूरी तरह तैयार है।
तीन दिन से लगातार हो रही बारिश की वजह से प्रैक्टिस सेशन रद्द करना पड़ा है। एचपीसीए प्रेस सचिव मोहित सूद ने बताया कि, दोनों टीमों ने प्रेक्टिस के लिए क्रिकेट स्टेडियम पहुंचना था, लगातार हो रही बारिश के चलते मैदान की आउटफील्ड गीली है। जिसके चलते कल का प्रैक्टिस सेशन रद्द कर दिया गया है।