Trending

भारत अब तीनों प्रारूप में शीर्ष पर, टेस्ट रैंकिंग में भी नंबर वन

भारत ने धर्मशाला में इंग्लैंड को हारने के बाद पांच मैच की सीरीज 4-1 से जीतकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की नवीनतम टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक स्थान हासिल कर लिया।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया की जगह शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत खेल के तीनों प्रारूप की आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष पर है। भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में पहले ही शीर्ष पर है। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्राइस्टचर्च में चल रहे दूसरे टेस्ट का परिणाम कुछ भी रहे, टीम इंडिया शीर्ष पर बनी रहेगी।

साभार : गूगल

ऑस्ट्रेलिया ने वेलिंगटन में पहला टेस्ट 172 रन से जीता था और वह अभी श्रृंखला में 1-0 से आगे है। भारत के टेस्ट रैंकिंग में 122 रेटिंग अंक हो गए हैं जो ऑस्ट्रेलिया से पांच अधिक हैं। इंग्लैंड 111 रेटिंग अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।

वनडे में भारत के 121 रेटिंग अंक हैं, ऑस्ट्रेलिया 118 रेटिंग अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के 266 अंक हैं। इंग्लैंड इस प्रारूप में 256 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज बराबरी पर छूटने के कारण भारत दूसरे नंबर पर आ गया था। ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैच की सीरीज में क्लीन स्वीप करके भारत की जगह पहला स्थान हासिल किया था।

इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत हैदराबाद में हुए पहले टेस्ट में 28 रन से हार गया था, उसने अगले चार टेस्ट जीतकर शानदार वापसी करके आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में फिर से शीर्ष स्थान हासिल किया।