आल इंग्लैंड चैंपियनशिप : हार के साथ सात्विक-चिराग का सफर खत्म
भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया की नंबर एक जोड़ी आल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष युगल प्री क्वार्टरफाइनल से बाहर हो गयी। भारतीय जोड़ी को प्री क्वार्टरफाइनल में इंडोनेशिया के मोहम्मद शोहिुल फिकरी और बागास मौलाना की जोड़ी से 16-21 15-21 से हारे। इंडोनेशियाई जोड़ी यहां 2022 में विजेता रही थी।

शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी ने पिछले हफ्ते फ्रेंच ओपन खिताब जीता था, यहां तीसरी वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वियों के दबाव से नहीं निपट सकी और एक घंटे से ज्यादा समय तक चले मुकाबले में हारकर बाहर हो गयी।
तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा महिला युगल के राउंड 16 में चीन की झांग शु जियान और जेंग यु से 21-11 11-21, 11-21 से हार के साथ बाहर हो गयी। भारत के लक्ष्य सेन का सामना पुरुष एकल क्वार्टरफाइनल में मलेशिया के ली जि जिया से होगा।
लक्ष्य ने दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी एंडर्स एंटोनसेन पर 24-22 11-21 21-14 की जीत से क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का अभियान दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की एन से यंग से 19-21 11-21 से हारकर समाप्त हो गया।