Trending

उत्तरी गाजा में मदद की प्रतीक्षा में खड़े लोगों पर इजराइल का हमला, 20 की मौत

गाजा पट्टी। इजराइल-हमास युद्ध की लपटें दिन गुजरने के साथ और ऊंची हो गई हैं। मानवीय सहायता की प्रतीक्षा कर रहे लोगों पर हमले के बाद उत्तरी गाजा शहर में कम से कम 20 फिलिस्तीनी मारे गए और 150 से अधिक घायल हो गए। अल जजीरा समाचार चैनल की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने हमले को “एक नया, पूर्व नियोजित नरसंहार” कहा है। अमेरिकी सीनेटर चक शूमर ने “चरमपंथी” सरकार और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को “शांति में बाधा” बताते हुए इजराइल में नए चुनाव का आह्वान किया है।
रिपोर्ट के अनुसार सात अक्टूबर से गाजा पर हो रहे इजराइली हमलों में अब तक कम से कम 31,341 फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 73,134 घायल हुए हैं। हमास के सात अक्टूबर के हमले में इजराइल में मरने वालों की संख्या 1,139 है और दर्जनों लोगों को बंदी बना लिया गया है।