आयरलैंड के खिलाफ राशिद खान ने दिखाया ये खास कमाल
अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच में अफगानिस्तान के लिए 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
उन्होंने टी20 में बतौर अफगानी कप्तान सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ मैच में 4 ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट लिए।

राशिद खान ने नवरोज मंगल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2010 में ये कारनामा किया था, 14 साल तक उनके नाम ये आंकड़ा दर्ज रहा। मंगल ने आयरलैंड के खिलाफ 4 ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट लिए थे। राशिद खान ने इस मैच में स्टर्लिंग, कर्टिस कैम्फर और गैरेथ डेलानी का विकेट लिया।
राशिद खान के तीन विकेट से अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 20 ओवर में 6 विकेट पर 149 रन पर ही रोक दिया। जवाब में अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने निराश किया। टीम 18.4 ओवर में 111 रन पर ही ढेर हो गई।
मोहम्मद इशाक ने अफगानिस्तान से 32 रन बनाए। व्हाइट ने उनको आउट किया। आयरलैंड से बेंजामिन व्हाइट ने चार विकेट चटकाए। लिटिल ने तीन और बैरी ने दो विकेट लिए। दूसरा टी20 रविवार को खेला जाएगा।
आयरलैंड से हैरी टेक्टर ने 56 रन बनाए। उन्होंने 34 गेंद खेलते हुए 7 चौके और दो छक्के लगाए। कप्तान स्टर्लिंग ने 25 और डेलनी ने 16 रन का योगदान दिया।
टी-20 में अफगानिस्तान के कप्तान (सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े)
राशिद खान: आयरलैंड (4-0-19-3)
नवरोज़ मंगल: आयरलैंड (4-0-23-3)
गुलबदीन नायब: श्रीलंका (4-0-28-3)
मोहम्मद नबी: स्कॉटलैंड (4-0-12-2)
मोहम्मद नबी: श्रीलंका (4-0-14-2)