Trending

दिल्ली कैपिटल्स को हराकर आरसीबी ने जीता महिला प्रीमियर लीग का खिताब

आरसीबी ने महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में दिल्ली को आठ विकेट से हराकर खिताब जीता। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवर में 113 रन बनाए थे। आरसीबी ने 19.3 ओवर में दो विकेट पर लक्ष्य प्राप्त कर लिया।

आरसीबी का यह पहला खिताब है और उन्होंने दिल्ली को उसके घर में हराया। बैंगलोर की पुरुष टीम ने कभी आईपीएल की ट्रॉफी नहीं जीती है, महिला टीम डब्ल्यूपीएल के दूसरे सीजन में ही विजेता बनकर उभरी। दिल्ली और बैंगलोर के बीच इस लीग में पांच मैच खेले गए हैं और बैंगलोर ने पहली बार जीत हासिल की और वह भी फाइनल जैसे मैच में।

@RCBTweets

114 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी को सोफी डिवाइन और स्मृति मंधाना ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े।

इस साझेदारी को शिखा पांडे ने डिवाइन को आउट करके तोड़ा जिन्होंने 32 रन बनाए। कप्तान मंधाना ने पारी संभाली, उन्हें मिन्नू मणि ने 31 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। एलिस पैरी और ऋचा घोष ने टीम को जीत दिलाई। बैंगलोर को आखिरी ओवर में पांच रन की जरूरत थी।

अरुंधति रेड्डी गेंदबाजी के लिए आईं, स्ट्राइक पर ऋचा थीं। पहली गेंद पर उन्होंने एक रन लिया। दूसरी गेंद पर पेरी ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर ऋचा ने चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

पेरी 35 रन और ऋचा 17 रन बनाकर नाबाद रहीं। दिल्ली से शिखा और मिन्नू को एक-एक विकेट मिला। इससे पहले आरसीबी ने श्रेयांका पाटिल और मोलीन्यूक्स की शानदार गेंदबाजी के दम पर दिल्ली की पारी 18.3 ओवर में 113 रन पर ऑलआउट कर दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने आई दिल्ली को शेफाली वर्मा और कप्तान मेग लैनिंग ने शानदार शुरुआत दिलाई।

दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलकर आरसीबी के गेंदबाजों पर दबाव बनाया, आठवां ओवर डालने आईं बाएं हाथ की स्पिनर मोलीन्यूक्स ने इस ओवर में शेफाली, कैप्सी और जेमिमा को आउट कर दिल्ली की पारी लड़खड़ा दी।

शेफाली ने 27 गेंद में दो चौके और तीन छक्के से 44 रन की पारी खेली। श्रेयांका पाटिल ने दिल्ली के बल्लेबाजों को जमने का मौका नहीं दिया। दिल्ली की बल्लेबाजी इतनी खराब रही कि एक समय बिना किसी नुकसान के 64 रन बनाने वाली टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 18.3 ओवर में 113 रन पर सिमट गई।

आरसीबी के लिए श्रेयंका पाटिल ने चार, मोलीन्यूक्स तीन और आशा ने दो विकेट लिए। खास बात ये रही है कि नौ विकेट आरसीबी के स्पिनरों ने लिए, राधा यादव रन आउट हुईं।

लेनिंग 23 रन, रॉड्रिग्स और कैप्सी खाता भी नहीं खोल सकीं। कैप आठ रन, जोनासेन तीन रन, राधा 12 रन, मिन्नू पांच रन, अरुंधति 10 रन बनाकर आउट हुईं। तानिया खाता नहीं खोल सकीं, शिखा पांच रन बनाकर नाबाद रहीं।