स्विस ओपन में दमखम दिखाएंगे पीवी सिंधु व लक्ष्य सेन
स्विस ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ी लक्ष्य सेन अपनी शानदार लय जारी रखना चाहेंगे, पीवी सिंधु की कोशिश अपने खेल के शिखर पर पहुंचने की होगी। लक्ष्य ने मलेशिया सुपर 1000 और इंडिया ओपन 750 में पहले दौर में हार के बाद वापसी की है। इस खिलाड़ी ने फ्रेंच ओपन और ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।
किदांबी श्रीकांत पहले दौर में एशियाई खेल के कांस्य पदक विजेता चीनी ताइपे के वांग त्जु-वेई का मुकाबला करेंगे, युवा प्रियांशु राजावत हांगकांग के चौथी वरीयता प्राप्त ली चेउक यियू की चुनौती से निपटेंगे। सिंधु ने फ्रेंच ओपन से वापसी की थी, जहां उनका सफर क्वार्टर तक चला था। वह इसके बाद ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के दूसरे दौर से बाहर हो गयी थी।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का सामना जर्मनी की वोन्ने लि से होगा। पिछले सप्ताह जर्मनी की इस खिलाड़ी ने चोट लगने के कारण मैच को बीच में छोड़ दिया था। महिला एकल में आकर्षी कश्यप को ड्रा मिला है। वह अपने अभियान की शुरुआत कनाडा की मिशेल ली के खिलाफ करेंगी।
तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी मेइलिसा ट्रायस पुस्पिटासारी और राचेल एलेस्या रोज की इंडोनेशिया की जोड़ी के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगी। आठवीं वरीयता प्राप्त त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का सामना पहले दौर में अमेरिका की एनी जू और केरी जू की जोड़ी से होगा।