12 हजार टी-20 रन पूरा करने वाले कोहली पहले भारतीय
आईपीएल का पहला मैच चेन्नई सुपरकिंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हुआ। बेंगलुरु ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 173 रन बनाए। चेन्नई ने 18.4 ओवर में ही 4 विकेट पर टारगेट हासिल कर लिया।

बेंगलुरु के विराट कोहली ने पारी में छठा रन बनाते ही टी-20 फॉर्मेट में 12 हजार रन पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय बैटर बने। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक हजार आईपीएल रन भी पूरे कर लिए।
कोहली के रिकार्ड्स
- विराट कोहली ने टी-20 क्रिकेट में 12 हजार रन पूरे किए। टी-20 क्रिकेट में घरेलू, इंटरनेशनल और लीग क्रिकेट शामिल हैं। सबको मिलाकर उन्होंने 12 हजार रन का आंकड़ा पार किया।
वह 12 हजार का मार्क छूने वाले दुनिया के छठे और भारत के पहले ही बैटर बने। टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 14,562 रन बनाए हैं।
2. कोहली ने 360वीं पारी में 12 हजार रन का आंकड़ा पार किया। वह सबसे तेजी से इस रिकॉर्ड तक पहुंचने वाले बैटर्स में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। उनसे पहले क्रिस गेल ने ही 345 पारियों में 12 हजार रन पूरे कर लिए थे।
3. विराट के चेन्नई के खिलाफ एक हजार रन पूरे हो गए। उन्होंने चेन्नई के खिलाफ 15वां रन बनाते ही इस रिकॉर्ड को पार किया, उनके अब चेन्नई के खिलाफ 1006 रन हो गए हैं। उनसे पहले शिखर धवन ही चेन्नई के खिलाफ एक हजार रन बना सके थे।
विराट ने दिल्ली के खिलाफ भी एक हजार रन बनाए हैं। वह 2 टीमों के खिलाफ एक हजार से ज्यादा आईपीएल रन बनाने वाले दूसरे बैटर बने। उनसे पहले डेविड वॉर्नर भी पंजाब और कोलकाता के खिलाफ एक हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं।
4. दिनेश कार्तिक और अनुज रावत ने आरसीबी के लिए छठे विकेट के लिए 95 रन की पार्टनरशिप की। यह टीम के लिए छठे या उससे नीचे के विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप रही। इससे पहले साल 2022 में भी कार्तिक ने ही शाहबाज अहमद के साथ 97 रन जोड़े थे।
5. आईपीएल में चेन्नई के खिलाफ छठे विकेट की सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड अनुज रावत और दिनेश कार्तिक के नाम हो गया, दोनों ने 95 रन जोड़े। 2021 में कार्तिक ने ही चेन्नई के खिलाफ आंद्रे रसेल के साथ मिलकर 81 रन की पार्टनरशिप की थी। तब कार्तिक कोलकाता के लिए खेलते थे।
6. चेन्नई के लिए मुस्तफिजुर रहमान ने डेब्यू किया, उन्होंने अपने शुरुआती 2 ओवर में 4 विकेट झटक लिए। मुस्तफिजुर ने अपना स्पेल 29 रन देकर 4 विकेट लेकर खत्म किया। यह चेन्नई के लिए डेब्यू मैच में दूसरी बेस्ट बॉलिंग रही। उनसे पहले 2009 में शादाब जकाती ने डेब्यू मैच में 24 रन देकर 4 विकेट लिए थे।