स्विस ओपन : श्रीकांत अंतिम चार में, राजावत और जॉर्ज हारे
भारतीय शटलर किदांबी श्रीकांत पिछले 16 महीने में पहली बार किसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। उन्होंने स्विस ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार देर रात खेले गए क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के चिया हाओ ली को हराया।
उन्होंने भारतीय चुनौती भी बरकरार रखी, बाकी भारतीय बाहर हो चुके हैं। सत्र में अपना आठवां टूर्नामेंट खेल रहे दुनिया के पूर्व नंबर एक भारतीय खिलाड़ी ने हाओ ली को 35 मिनट तक चले मुकाबले में 21-10, 21-14 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

श्रीकांत आखिरी बार नवंबर 2022 में हाइलो ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे थे। विश्व चैंपियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता श्रीकांत का सामना सेमीफाइनल में चीनी ताइपे के लिन चुन यी से होगा।
श्रीकांत के ड्रॉप और स्मैश के मिश्रण का चीनी ताइपे के खिलाड़ी के पास कोई जवाब नहीं था। श्रीकांत ने शुरू से ही मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा और शुरुआत में ही 7-1 की बढ़त बना ली और पहला गेम जीतने के बाद दूसरी में भी अपनी लय बरकरार रखी।
पुरुष एकल के अन्य मैचों में प्रियांशु राजावत और किरण जॉर्ज अपने मुकाबलों में श्रीकांत की सफलता को दोहरा नहीं सके। उन्हें अपने-अपने हार का सामना करना पड़ा।
प्रियांशु 15-21, 19-21 से चाउ टीएन चेन से हार गए, जबकि किरण पहला गेम जीतने के बावजूद रासमस गेम्के से 23-21, 17-21, 15-21 ने हारकर बाहर हो गए।
महिला युगल में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को ऑस्ट्रेलिया की सेत्याना मापासा और एंजेला यू से हार मिली। भारतीय जोड़ी पूरे मैच के दौरान संघर्ष करती रही लेकिन अपने विरोधियों से आगे निकलने में असफल रही और अंततः 14-21, 15-21 से हार गई।
यह हार त्रीसा और गायत्री के लिए झटका हो सकती है क्योंकि वर्तमान में ओलंपिक रैंकिंग में वे 14वें स्थान पर हैं और इस हार से पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की उनकी संभावनाओं पर असर पड़ सकता है।