Trending

आईपीएल : रसेल व साल्ट के अर्धशतक, केकेआर ने हैदराबाद को 4 रन से हराया

आईपीएल के तीसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 4 रन से हराया। ईडन गार्डन में हुए इस मैच में कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 208 रन बनाए।

जवाब में हैदराबाद हेनरिक क्लासेन के अर्धशतक (63) के बावजूद 204/7 का स्कोर ही बना सकी। कोलकाता से फिल साल्ट ने अर्धशतक (54) लगाया। उम्दा शुरुआत के बाद टीम ने 119 के स्कोर तक 6 विकेट खो दिए थे।

Credits : Espncricinfo

मुश्किल घड़ी में आंद्रे रसेल ने 25 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। जवाब में हैदराबाद ने पॉवरप्ले के बाद 65/1 का स्कोर बनाते हुए अच्छी शुरुआत की। हेनरिक क्लासेन ने उम्दा पारी खेली, जीत नहीं दिला सके।

इस अर्धशतकीय पारी के साथ साल्ट कोलकाता के लिए डेब्यू मैच में संयुक्त रूप से चौथे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में ब्रेंडन मैकुलम (158) पहले, मनीष पांडे (64) दूसरे, ओवैस शाह (58) तीसरे, जैक्स कैलिस और साल्ट (54-54) चौथे नंबर पर हैं।

Credits : Espncricinfo

साल्ट कोलकाता के लिए अर्धशतक जड़ने वाले चौथे इंग्लिश बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में ओवैस शाह, इयोन मॉर्गन और जेसन रॉय पहले तीन खिलाड़ी हैं। रसेल ने 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे इस कैरेबियाई खिलाड़ी ने 25 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 3 चौके और 7 छक्के लगाए।

उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ अपना पहला अर्धशतक जमाया। इससे पहले उनका हैदराबाद के विरुद्ध सर्वोच्च स्कोर नाबाद 49 रन था। उनके अब 113 आईपीएल मैचों में 29.82 की औसत से 2,326 रन बनाए हैं।

रसेल कोलकाता के लिए खेलते हुए 200 छक्के जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। कोलकाता का कोई भी बल्लेबाज उनके आस-पास भी नहीं है। टीम के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर नितीश राणा हैं, जिनके बल्ले से 106 छक्के निकले हैं।

रसेल अब आईपीएल इतिहास में 200 से अधिक छक्के लगाने वाले नौवें खिलाड़ी बने हैं। रसेल के नाम 153 चौके भी हैं, जिसमें कोलकाता के लिए 150 चौके भी हैं।

रसेल ने इस धमाकेदार पारी के दौरान एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह आईपीएल के इतिहास में 13वीं बार एक पारी में 5 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

यह नौवां ऐसा मौका है, जब रसेल ने किसी मैच में अर्धशतक लगाने के साथ-साथ कम से कम 1 विकेट चटकाया है। उन्होंने इस मामले में जैक्स कैलिस और शेन वॉटसन को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 8-8 बार ऐसा किया है।

नटराजन ने 3 विकेट लिए और आईपीएल में 50 विकेटों का आंकड़ा छूने वाले 67वें गेंदबाज बने। उन्होंने 48 मैचों में 30.11 की औसत और 8.75 की इकॉनमी रेट के साथ 51 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 10 रन देते हुए 3 विकेट लेना रहा है।

नटराजन ने विकेटों के मामले में मुस्तफिजुर रहमान की बराबरी की है, जिन्होंने 49 मैचों में 28.88 की औसत और 7.91 की इकॉनमी रेट से 51 विकेट लिए हैं। बड़ा लक्ष्य का पीछा करते हुए क्लासेन ने जोरदार बल्लेबाजी की और 25 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

इस बीच उन्होंने अपने टी-20 करियर के 4000 रन भी पूरे किए। क्लासेन ने पारी का 19वां ओवर फेंकने आए मिचेल स्टार्क की जमकर पिटाई की और उस ओवर में 3 छक्के लगाए। वह 29 गेंदों पर 63 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 8 छक्के भी लगाए।