आईपीएल : सुरक्षा में दिखी बड़ी चूक! मैदान में घुस आया एक दर्शक
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली की फैन फॉलोइंग है। हर कोई उनकी एक झलक पाना चाहता है। कई बार फैन सुरक्षा घेरे को तार-तार कर देते हैं। सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टक्कर हुई। कोहली ने मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 49 गेंदों में 11 चौकों और 2 छक्कों से 77 रन की पारी खेली।

कोहली जब बल्लेबाजी के लिए आए तो एक फैन सिक्योरिटी को चकमा देकर क्रीज पर पहुंच गया। फैन के क्रीज पर जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि आरसीबी की पारी की शुरुआत के समय फैन ने सुरक्षा घेर तोड़कर मैदान में एंट्री की। वह कोहली के पास आया और उनके पैर छूए। फैन ने कोहली को गले लगाया।
फैन के पीछे-पीछे सुरक्षाकर्मी दौड़कर आए और उसे पकड़कर वापस ले गए। बताते चले कि पहले भी कोहली के कई फैन इस तरह से मैदान पर आ चुके हैं। इस साल जनवरी में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 में जब एक फैन ने ऐसा किया तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
मैच की बात करें तो आरसीबी ने पीबीकेएस के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। आरसीबी ने पंजाब को 176/6 पर रोक दिया और 19.2 ओवर में 178/6 बनाकर जीत दर्ज की। कोहली ने मैच में कई रिकॉर्ड बनाए। वह टी20 क्रिकेट में 100 फिफ्टी प्लस स्कोर जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने आईपीएल में 51वीं अर्धशतकीय पारी खेली है। वह भारतीय लीग में दूसरे सबसे ज्यादा फिफ्टी जड़ने वाले प्लेयर हैं। उन्होंने शिखर धवन को पछाड़ा, जिन्होंने 50 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली ने आईपीएल में 650 चौकों का आंकड़ा पार कर लिया है। वह इस तक पहुंचने वाले दूसरे प्लेयर हैं।