हरियाणा ने जीता सब जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप का खिताब
मुक्केबाजी सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हरियाणा ने लड़कों और लड़कियों दोनों में टीम खिताब के साथ 19 पदक जीतकर विजेता बना।
लड़कियों के वर्ग के मौजूदा विजेता हरियाणा ने 64 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर रहकर अपने खिताब का बचाव किया। उसने सात स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। हरियाणा की सात में से छह मुक्केबाजों ने आसानी से 5-0 से जीत हासिल की।

दिया (61 किग्रा) ने दिल्ली की यशिका को 5-0 से हराया और ‘सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज’ चुनी गयीं। भूमि (35 किग्रा), निश्चल शर्मा (37 किग्रा), राखी (43 किग्रा), नैतिक (52 किग्रा), नव्या (55 किग्रा) और सुखरीत (64 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीता।
दिल्ली 34 अंक से दूसरे और महाराष्ट्र 31 अंक से तीसरे स्थान पर रहा। दिल्ली ने एक स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक, महाराष्ट्र ने एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते।
हिलांग (37 किग्रा) बालिका वर्ग में होनहार मुक्केबाज का पुरस्कार जीतने में सफल रहीं। लड़कों के वर्ग में हरियाणा ने छह स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य से नौ पदक जीते जिससे वह 62 अंक लेकर पहले स्थान पर रहा।
उदय सिंह ने 37 किग्रा में तमिलनाडु के एस सुजीत को 5-0 से हराया। नितिन (40 किग्रा), रवि सिहाग (49 किग्रा), लक्ष्य (52 किग्रा), नमन (58 किग्रा) और अनमोल दहिया (64 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते।
उत्तराखंड तीन स्वर्ण और तीन रजत से 34 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा। उत्तर प्रदेश ने एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक से तीसरा स्थान हासिल किया।