रामनवमी के चलते केकेआर और राजस्थान रॉयल्स के मैच पर असमंजस
आईपीएल में 17 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच खेला जाना है। बीसीसीआई इस मैच को रिलोकेट कर सकता है या फिर इसको किसी और तारीख पर करा सकता है।
इस बारे में फ्रेंचाइजी टीमों, स्टेट एसोसिएशन और ब्रॉडकास्टर्स को पहले ही सूचना मिल गई है। रामनवमी के चलते इस मैच को रिशेड्यूल किया जा सकता है।

रामनवमी धूम-धाम से मनाया जाता है और कोलकाता में अथॉरिटी इस दिन सिक्योरिटी मुहैया कराने को लेकर थोड़ा चिंतित है। देश में लोक सभा चुनाव चल रहे होंगे, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई इस पर जल्द फैसला ले सकता है।
बीसीसीआई इस मैच को कहीं और शिफ्ट करने की बजाय किसी और तारीख पर शिफ्ट करने को प्राथमिकता दे सकता है। यह आईपीएल का 32वां मैच होगा। कोलकाता नाइट राइडर्स की बात करें, तो उनके लिए यह उनका तीसरा होम ग्राउंड मैच होना है।
आईपीएल में 13 मैच हो चुके हैं और इस दौरान चार अंक और सबसे बेहतर नेट रनरेट के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स अंक तालिका में टॉप पर है। राम नवमी 17 अप्रैल को मनाई जाएगी।
आईपीएल का आगाज 22 मार्च हो हुआ था, फाइनल 26 मई को खेला जाना है। लोकसभा चुनाव के चलते पहले खबरें आ रही थीं कि आईपीएल 2024 का दूसरा चरण भारत से बाहर खेला जा सकता है, बीसीसीआई ने इसे भारत में ही कराने का फैसला करते हुए आईपीएल का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया।