Trending

आईपीएल : राजस्थान की तीसरी जीत, मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराया

आईपीएल के 14वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराते हुए जीत की हैट्रिक लगाई है। वानखेड़े स्टेडियम में जीत के लिए मिले 126 रन के लक्ष्य को राजस्थान ने रियान पराग की पारी (54) की बदौलत हासिल किया।

मुंबई इंडियंस की ये तीसरी हार है। ट्रेंट बोल्ट की घातक गेंदबाजी (3/22) के चलते मुंबई ने 20 रन तक 4 विकेट गंवा दिए थे। कप्तान हार्दिक पांड्या (34) और तिलक वर्मा (32) ने टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। बोल्ट के अलावा युजवेंद्र चहल ने 3 विकेट झटके।

Credits : Espncricinfo

जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 48 रन तक 3 विकेट गंवा दिए। पराग ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए जीत दिलाई। मुंबई से आकाश मधवाल ने 3 विकेट लिए। बोल्ट ने पहले ओवर की 5वीं गेंद पर रोहित शर्मा (0) को विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों कैच आउट कराया।

अगली ही गेंद पर नमन धीर (0) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने अगले ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस (0) का शिकार करते हुए मुंबई को बैकफुट में धकेल दिया। उन्होंने अपने 4 ओवर में 5.50 की इकॉनमी रेट से 22 रन देते हुए ये 3 सफलताएं हासिल की।

Credits : Espncricinfo

बोल्ट आईपीएल में पहले ओवर में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने पारी का पहला ओवर फेंकते हुए 25 विकेट (80 पारी) चटकाए हैं।

भुवनेश्वर कुमार पहले ओवर में 25 ही विकेट (116 पारी) ले चुके हैं। ये 5वां मौका है जब बोल्ट ने पारी के शुरुआती ओवर में 2 विकेट झटके हैं। उनके बाद डेल स्टेन, प्रवीण कुमार और उमेश यादव ने 2-2 बार ऐसा किया है।

राजस्थान चहल ने अपने 4 ओवर में 2.75 की इकॉनमी रेट से 11 रन देते हुए 3 विकेट झटके। उन्होंने हार्दिक, तिलक और जेराल्ड कोएत्जी को आउट किया।

वह वानखेड़े पर संयुक्त रूप से सबसे किफायती गेंदबाजी स्पैल (पूरे 4 ओवर का) करने वाले स्पिनर बने हैं। उन्होंने राशिद खान और हरभजन सिंह की बराबरी की है, जिन्होंने यहां पर 4 ओवर में सिर्फ 11 रन दिए हैं। राशिद ने 2 बार ऐसा किया है।

अश्विन आईपीएल इतिहास के 10वें ऐसे खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने लीग में 200 मैच खेले हैं। बता दें कि भारत की प्रतिष्ठित लीग में सीएसके के महेंद्र सिंह धोनी (253) ने सर्वाधिक मैच खेले हैं।

उनके अलावा दिनेश कार्तिक (245), रोहित (246), विराट कोहली (240), रविंद्र जडेजा (229), शिखर धवन (220), सुरेश रैना (205), रॉबिन उथप्पा (205) और अंबाती रायडू (204) ऐसा कर चुके हैं। वह अपने 200वें मैच में कोई विकेट नहीं ले सके।

पराग ने 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। ये मौजूदा सीजन में लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया। वह 39 गेंदों पर 54 रन बनाकर नाबाद रहे।