मुंबई के लिए अच्छी खबर, सूर्यकुमार यादव वापसी को तैयार
पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस आईपीएल में संघर्ष कर रही है। उसने अपने शुरुआती तीनों मुकाबले गंवाए हैं और वह अंक तालिका में सबसे नीचे है। इस बीच टीम को शुक्रवार को एक बेहद अच्छी खबर मिली। उसके प्रैक्टिस सेशन में दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव शामिल हो गए।
चोट के कारण खेल से लंबे समय तक दूर रहने वाले सूर्य ने नेट सेशन में अभ्यास किया और बिना किसी परेशानी के बड़े शॉट्स लगाए। इससे यह उम्मीद जगी कि वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आगामी मैच में मैदान में उतर सकते हैं।

मुंबई इस सीजन में नए कप्तान हार्दिक पंड्या की अगुवाई में शुरुआती तीनों मैच हारकर काफी निराशाजनक शुरुआत की है। 33 वर्षीय आक्रामक बल्लेबाज सूर्य जनवरी से ही दूर हैं।
उन्हें स्पोर्ट्स हर्निया से उबरने के लिए सर्जरी का सहारा लेना पड़ा। वह टखने की चोट से भी जूझ रहे थे जो उन्हें पिछले साल के अंत में भारत के साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान लगी थी। सूर्यकुमार वानखेड़े स्टेडियम में प्रैक्टिस सेशन के लिए पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी थे। वह दोपहर के सेशन में टीम के अन्य खिलाड़ियों से एक घंटे से अधिक समय पहले पहुंचे थे।
उन्होंने नेट सेशन में एक घंटे से अधिक तक बल्लेबाजी का अभ्यास किया। सूर्य ने थ्रोडाउन विशेषज्ञों और स्पिनर कुमार कार्तिकेय के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए मैदान के सभी हिस्सों में स्ट्रोक्स लगाए।
उन्होंने गेंद को बिल्कुल वैसे ही मारा जैसा वह चाहते थे। इस बीच सूर्य के बगल वाले नेट में दिल्ली कैपिटल्स के ओपनर डेविड वॉर्नर भी बैटिंग प्रैक्टिस कर रहे थे।