मराकेश ओपन : भांबरी-ओलिवेटी की सेमीफाइनल में हार
भारत के युकी भांबरी और फ्रांस के उनके जोड़ीदार अल्बानो ओलिवेटी एटीपी मराकेश ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रिया के लुकास मीडलर और अलेक्जेंडर एर्लर की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी से हारकर बाहर हो गए।
भांबरी और ओलिवेटी की जोड़ी को एटीपी 250 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल के संघर्षपूर्ण मुकाबले में 5-7 6-3 7-10 से हार का सामना करना पड़ा। दोनों टीमों ने एक दूसरे को कड़ी चुनौती दी। मीडलर और एर्लर की जोड़ी ने पहला सेट जीता, भांबरी और ओलिवेटी ने दूसरा सेट जीतकर शानदार वापसी की।

टाइब्रेकर में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला लेकिन आखिर में मीडलर और एर्लर जीत दर्ज करने में सफल रहे। भांबरी और ओलिवेटी ने इससे पहले तीसरी वरीयता प्राप्त निकोलस बैरिएंटोस और राफेल माटोस को हराकर पुरुष युगल सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
भांबरी ने पहली बार ओलिवेटी के साथ जोड़ी बनाई थी। वह अधिकतर टूर्नामेंट में नीदरलैंड के रॉबिन हासे के साथ मिलकर खेल रहे थे। इस भारतीय खिलाड़ी ने मियामी मास्टर्स में न्यूजीलैंड के पूर्व साथी माइकल वीनस के साथ जोड़ी बनाई थी, जहां वे पहले दौर से बाहर हुए थे।
विश्व रैंकिंग में 62वें स्थान पर काबिज भांबरी युगल रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों में रोहन बोपन्ना के बाद दूसरे स्थान पर हैं। बोपन्ना विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हैं।
यह देखना दिलचस्प होगा कि बोपन्ना पेरिस ओलंपिक के लिए अपने जोड़ीदार के रूप में भांबरी का चयन करते हैं या नहीं। विश्व रैंकिंग में चोटी के 10 खिलाड़ियों में शामिल होने के कारण बोपन्ना अपनी पसंद का जोड़ीदार चुन सकते हैं।