आईपीएल : राजस्थान रॉयल्स की चौथी जीत में चमके जोस बटलर व संजू सैमसन
आईपीएल के 19वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराया। यह राजस्थान की चौथी जीत है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 183 रन बनाया था।
जवाब में राजस्थान ने जोस बटलर (नाबाद 100) और संजू सैमसन (69) की शानदार पारियों से लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। विराट कोहली (113) को छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज आरसीबी के लिए अपनी छाप नहीं छोड़ पाया।

राजस्थान के लिए युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट झटके। टीम को पहला झटका यशस्वी जायसवाल (0) के रूप में जल्दी लग गया, सैमसन और बटलर ने आरसीबी को कोई मौका ही नहीं दिया और 4 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली।
कोहली ने मैच में 72 गेंद का सामना किया और 113 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 156.94 की रही। यह आईपीएल में लगाया गया पहला शतक है। कोहली और फाफ डु प्लेसिस (44) के बीच 14 ओवर में 125 रन की अहम शतकीय साझेदारी हुई।
यह आईपीएल में कोहली के बल्ले से निकला 8वां शतक भी था। टी-20 क्रिकेट में कोहली का यह 9वां शतक था। कोहली ने इस पारी के दौरान आईपीएल में 7,500 रन भी पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले आईपीएल के इतिहास में पहले खिलाड़ी हैं।
उन्होंने 242 मुकाबले खेले हैं और इसकी 234 पारियों में 38.27 की औसत और 130.62 की स्ट्राइक रेट से 7,579 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 8 शतक के अलावा 52 अर्धशतक भी निकले हैं। कोहली के बाद आईपीएल में सबसे ज्यादा रन शिखर धवन (6,755) के बल्ले से निकले हैं। सैमसन ने शानदार पारी के दौरान आईपीएल में 4,000 रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने 156वें मैच में यह कारनामा किया है।
राजस्थान के कप्तान आईपीएल में 4,000 रन पूरे करने वाले 16वें बल्लेबाज हैं। उन्होंने मुकाबले में 42 गेंद का सामना किया और 69 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 164.29 की रही। यह उनके आईपीएल करियर का 21वां अर्धशतक रहा। उनके बल्ले से 3 शतक भी निकले हैं।
कोहली ने आईपीएल के इतिहास में सबसे धीमे शतक बनाने की बराबरी की है। उन्होंने 67 गेंद का सामना करते हुए राजस्थान के खिलाफ शतक लगाया। इससे पहले साल 2009 के आईपीएल में मनीष पांडे ने भी इतने ही गेंद का सामना करते हुए शतक लगाया था।
दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 3 खिलाड़ी हैं। डेविड वार्नर, सचिन तेंदुलकर और बटलर ने 66 गेंदों का सामना करते हुए शतक जड़ा था।