Trending

आईपीएल : मुंबई ने चखा जीत का स्वाद, दिल्ली को 29 रन से हराया

आईपीएल का 20वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। इस मैच को मुंबई ने 29 रन से जीता। यह इस सीजन में टीम की पहली जीत है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 234 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की 8 विकेट पर 205 रन ही बना सकी।

मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। रोहित शर्मा (49), ईशान किशन (42), टिम डेविड (45) और रोमारियो शेफर्ड (39) की धमाकेदार पारियों से पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। दिल्ली का कोई भी गेंदबाज मैच में अपनी छाप नहीं छोड़ पाया।

Credits : Espncricinfo

जवाब में पृथ्वी शॉ (66) और ट्रिस्टन स्टब्स (71) ने अपनी टीम के लिए अच्छी पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। रोहित ने 49 रन की पारी के दौरान बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह दिल्ली के खिलाफ 1,000 रन पूरे करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने हैं।

उनसे पहले डेविड वार्नर और विराट कोहली ने यह कारनामा किया था। तीनों बल्लेबाजों ने आईपीएल करियर में 2-2 टीमों के खिलाफ 1,000 से अधिक रन बनाए हैं। रोहित ने दिल्ली के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 1,000 से अधिक रन बनाए हैं।

Credits : Espncricinfo

मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने अपनी 39 रन की पारी के दौरान टी-20 क्रिकेट में 4,500 रन पूरे कर लिए। वह 11 रन से अपना 11वां अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। पांड्या टी-20 क्रिकेट में 4,500 रन पूरे करने वाले कुल 118वें और 21वें भारतीय बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने यह आंकड़ा छूने के लिए 248 मैच खेले हैं। टी-20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन कोहली (13,310) के नाम है

रोमारियो ने 10 गेंद का सामना किया और 39 रन जड़ दिए। उन्होंने पारी के 20वें ओवर में एनरिक नोर्खिया के खिलाफ 32 रन बनाए। साथ ही वह आईपीएल इतिहास में 20वें ओवर में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। आईपीएल में 20वें ओवर में सर्वाधिक रन रविंद्र जडेजा (36) ने बटोरे हैं।

शेफर्ड ने कम से कम 10 गेंद की पारी में सर्वाधिक स्ट्राइक रेट (390) का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। शॉ ने मैच में 40 गेंद का सामना किया और 66 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 165.00 की रही।

यह उनके आईपीएल करियर का 14वां अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक आईपीएल में 74 मुकाबले खेले हैं और 146.68 की स्ट्राइक रेट से 1,813 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 99 रन रहा है। शॉ अपने आईपीएल करियर में 24.50 की औसत से रन बनाए हैं।

मुंबई के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 22 रन देकर 2 विकेट झटके। इसी के साथ उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 150 विकेट पूरे कर लिए। वह आईपीएल में 150 विकेट लेने वाले 10वें खिलाड़ी बने हैं।