Trending

आईपीएल : केकेआर की चौथी जीत में फिल सॉल्ट का धमाल

आईपीएल के 28वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 8 विकेट से हराकर सीजन में अपनी चौथी जीत दर्ज की है। ईडन गार्डन स्टेडियम में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 162 रन के लक्ष्य को केकेआर ने फिल सॉल्ट (89) की पारी से 15.4 ओवर में ही हासिल कर लिया। यह लखनऊ की तीसरी हार है।

@BCCI

पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ को क्विंटन डिकॉक (10) और दीपक हूडा (8) के रूप में झटके लगे। कप्तान केएल राहुल (39) और आयुष बडोनी (29) ने टीम को संभालने का प्रयास किया और अंत में निकोलस पूरन (45) ने टीम को 161/7 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में केकेआर ने 42 के स्कोर तक 2 विकेट गंवाए। सॉल्ट और श्रेयस अय्यर (38) की पारियों से टीम ने जीत हासिल की।

आईपीएल डेब्यू करते हुए शमर जोसेफ ने अपना पहला ओवर 10 गेंदों का फेंका। उन्होंने उस ओवर में 22 रन भी लुटाए। वह आईपीएल इतिहास में तीसरा सबसे लम्बा ओवर करने वाले गेंदबाज बन गए। बता दें कि मोहम्मद सिराज और तुषार देशपांडे ने 11-11 गेंदों का सबसे लम्बा ओवर किया है।

उन्होंने अपने 4 ओवर में 11.80 की इकॉनमी रेट के साथ 47 रन दिए। इस बीच वह कोई विकेट नहीं ले सके। नरेन ने लखनऊ के खिलाफ किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 4.20 की इकॉनमी रेट के साथ 17 रन देते हुए 1 सफलता हासिल की।

उन्होंने अपनी कसी हुई गेंदबाजी में कोई चौका या छक्का नहीं दिया। यह 14वां ऐसा मौका (संयुक्त रूप से सर्वाधिक) है, जब नरेन ने अपनी 4 ओवर पूरी गेंदबाजी करने के बावजूद कोई चौका या छक्का नहीं दिया है। उन्होंने इस मामले में रविचंद्रन अश्विन (14 बार) की बराबरी की है।

केएल राहुल ने 27 गेंदों पर 39 रन की उम्दा पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के भी शामिल रहे। उन्हें आंद्रे रसेल ने रमनदीप सिंह के हाथों कैच आउट कराया। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 क्रिकेट करियर में 300 छक्के पूरे किए।

वह ऐसा करने वाले 5वें भारतीय और दुनिया के 40वें बल्लेबाज बने हैं। टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल (1,056) के नाम दर्ज है। लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की ओर से पारी की शुरुआत करने आए सॉल्ट ने ताबड़तोड़ पारी खेली और इस सीजन में अपना दूसरा अर्धशतक 26 गेंदों में पूरा किया।

ये उनके टी-20 करियर का 34वां अर्धशतक रहा। इस बीच उन्हें जीवनदान भी मिला। उन्होंने कप्तान अय्यर के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी करते हुए जीत दिलाई। वह 47 गेंदों पर 89 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल हैं।

अपने 5 मैच के बाद केकेआर ने चौथी जीत दर्ज की है और अंक तालिका में दूसरा स्थान बरकरार रखा है। लखनऊ की यह 6 मैचों के बाद तीसरी हार है। फिलहाल 3 ही जीत दर्ज करने वाली लखनऊ अंक तालिका में 5वें स्थान पर हैं। संजू सैमसन के नेतृत्व में राजस्थान रॉयल्स ने अपने 6 में से 5 मैच जीते हुए हैं और तालिका में शीर्ष पर हैं।