आईपीएल के बचे मैच से मयंक यादव हो सकते हैं बाहर लेकिन मिल सकता है कॉन्ट्रैक्ट
तेज गेंदबाज मयंक यादव आईपीएल के दौरान एक महीने के अंदर दूसरी बार चोटिल हो गए हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम मुंबई इंडियंस मुकाबले के दौरान मयंक को 19वें ओवर की पहली गेंद डालने के बाद पेट की मांसपेशियों में दर्द की शिकायत हुए, जिसके बाद वह मैदान के बाहर चले गए।

इस बीच उनकी चोट को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है, पेट की मांसपेशियों में चोट के कारण तेज गेंदबाज मयंक यादव के आईपीएल के बाकी बचे मैचों में खेलने की संभावना काफी कम है। इन सबके बीच मयंक के लिए एक अच्छी खबर सामने आई, बीसीसीआई उन्हें कॉन्ट्रैक्ट दे सकती है।
एक समाचार एजेंसी के मुताबिक दिल्ली के मयंक यादव अपनी तेज गति से प्रभावित करने का ईनाम जल्द ही मिल सकता है। उन्हें उमरान मलिक, विदवथ कावेरप्पा, विशाक विजयकुमार, यश दयाल और आकाशदीप के साथ बीसीसीआई द्वारा तेज गेंदबाजी अनुबंध दिया जाना लगभग तय है।
इस अनुबंध के बाद मयंक राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी की स्पोर्ट्स साइंस और मेडिकल टीम की देखरेख में रहेंगे जो लखनऊ सुपरजायंट्स से उनके चोट प्रबंधन और फिटनेस कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेगी।
मयंक ने आईपीएल के अपने शुरुआती मैचों में 155 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की और लगातार दो मैचों में मैन ऑफ द मैच रहे। वह अपने तीसरे मैच में चोटिल होने के बाद चार सप्ताह के लिए खेल से दूर हो गए।
बीसीसीआई के सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ”मयंक को चोट लगी है, यह ग्रेड एक की चोट होने की अधिक संभावना है। इससे उबरने में अधिक समय नहीं लगेगा।
एलएसजी अगर प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई करता है, तो वह नॉकआउट मैच खेलने के लिए फिट हो सकता है। उनका आईपीएल के बाकी (लीग चरण) मैचों में खेलना संदिग्ध है।
सूत्र ने कहा, ‘‘उन्हें जल्द ही तेज गेंदबाजी अनुबंध सौंपा जाएगा और एक बार जब वह बीसीसीआई की छत्रछाया में आ जायेगा , तो उसके विकास की व्यवस्थित रूप से निगरानी होगी। राष्ट्रीय चयन समिति और भारतीय टीम प्रबंधन उसके मामले में जल्दबाजी से बचेगा और यह सुनिश्चित करना चाहेंगे कि वह फिटनेस के शीर्ष स्तर को बनाए रख सके।