Trending

पंजाब के खिलाफ टॉप-2 में रहते हुए लीग स्टेज फिनिश करने पर राजस्थान की नजर

आईपीएल के 65वें मैच में आज राजस्थान रॉयल्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। दोनों टीमें इस सीजन में दूसरी बार आमने-सामने होंगी। पिछले मैच में राजस्थान ने पंजाब को उसी के घर में 3 विकेट से हराया था।

साभार : गूगल

राजस्थान आज का मैच जीत कर टॉप-2 में रहते हुए लीग स्टेज फिनिश करना चाहेगी। पंजाब पहले ही प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है।

राजस्थान के 12 मैचों में 8 जीत और 4 हार से 16 अंक हैं। टीम अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है। पंजाब 10वें नंबर पर है। टीम के 12 मैचों में 4 जीत और 8 हार से 8 अंक हैं।

दोनों टीमों के बीच 27 आईपीएल मुकाबले हुए। इनमें से 17 राजस्थान ने जीते। 11 मैच में पंजाब को जीत हासिल हुई। गुवाहाटी के इस मैच पर दोनों टीमें एक बार 1 बार भिड़ीं हैं। उस मैच में पंजाब को 5 रन से जीत मिली थी।

राजस्थान से कप्तान संजू सैमसन टीम के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 12 मैचों में 486 रन बनाए हैं। इनमें 5 अर्धशतक हैं। स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 15 विकेट झटके हैं।

पंजाब से शशांक सिंह, जॉनी बेयरस्टो और प्रभसिमरन सिंह अच्छे फॉर्म में हैं। शशांक सिंह 352 रन बनाकर टॉप रन स्कोरर हैं। बॉलिंग में हर्षल पटेल टॉप पर हैं। उन्होंने 12 मैचों में 20 विकेट झटके।

राजस्थान रॉयल्स के ओपनर जोस बटलर आईपीएल में हिस्सा नहीं लेंगे और वो वापस इंग्लैंड लौट गए हैं। राजस्थान रॉयल्स ने उनके इंग्लैंड वापस लौटने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

पंजाब किंग्स और इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टन पंजाब के कैंप से वापस इंग्लैंड लौट गए हैं। जून में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपने घुटने की चोट ठीक कराने के लिए उन्होंने यह फैसला लिया।

गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रैंडली है। यहां पर अब तक हाई स्कोरिंग मुकाबले ही देखने को मिले हैं। यहां 2 आईपीएल मैच खेले गए हैं। दोनों में पहली इनिंग में बैटिंग करने वाली टीम को जीत मिली। यहां का हाईएस्ट टीम स्कोर 199/4 है, जो राजस्थान ने पिछले सीजन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बनाया था।

गुवाहाटी में बुधवार का मौसम सही नहीं रहेगा। सुबह कुछ स्थानों पर तूफान आने की आशंका है। धूप भी काफी तेज रहेगी। बारिश की 40% आशंका है। मैच वाले दिन यहां का तापमान 36 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

संभावित प्लेइंग इलेवन

राजस्थान रॉयल्स : संजू सैमसन (कप्तान & विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, टॉम कोहलर-कैडमोर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, आर अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, अवेश खान, संदीप शर्मा और युजवेंद्र चहल
इम्पैक्ट प्लेयर : नंद्रे बर्गर/रोवमन पॉवेल

पंजाब किंग्स : सैम करन (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), राइली रुसो, शशांक सिंह, जितेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, हर्षल पटेल, कगिसो रबाडा, राहुल चाहर और अर्शदीप सिंह
इम्पैक्ट प्लेयर : हरप्रीत बरार