थाईलैंड ओपन : क्वार्टरफाइनल में सात्विक-चिराग की जोड़ी
थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की शीर्ष पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। सात्विक-चिराग के अलावा युवा भारतीय खिलाड़ी मेईराबा लुवांग मैसनाम अंतिम-16 में पहुंचने में सफल रहे।

सात्विक और चिराग की दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय जोड़ी ने अपने दूसरे दौर के मुकाबले में 69वीं रैंकिंग वाले शेई साओ नान और झेंग वेई हान को 21-16, 21-11 से हराया।
इस भारतीय जोड़ी का सामना अगले दौर में जुनैदी आरिफ और रॉय किंग याप की मलेशिया की जोड़ी से होगा। हमवतन एचएस प्रणय पर उलटफेर भरी जीत के एक दिन बाद 21 वर्षीय मेईराबा ने 50 मिनट तक चले पुरुष सिंगल्स के दूसरे दौर के मुकाबले में डेनमार्क के मैड्स क्रिस्टोफरसन को 21-14, 22-20 से हराया।
मेईराबा को अगले दौर में विश्व चैंपियन और स्थानीय दावेदार कुनलावुत वितिदसार्न की चुनौती का सामना करना होगा। पुरुष सिंगल्स वर्ग और डबल्स वर्ग में भारत को भले ही जीत मिली, महिला सिंगल्स वर्ग में अश्मिता चालिगा को करीबी मुकाबले में हार मिली।
अश्मिता शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की हान युई के खिलाफ 15-21, 21-12, 12-21 से हार गईं। मिक्सड डबल्स में सतीश करुणाकरण और आद्या वरियाथ की जोड़ी को रिनोव रिवाल्डी और पिथा हानिंगत्यास मेंटारी की जोड़ी के खिलाफ 10-21, 17-21 से हारी।