Trending
भारतीय मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने एशियाई रिले में जीता स्वर्ण पदक
भारत की मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने पहली एशियाई रिले चैंपियनशिप में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही।

मुहम्मद अजमल, ज्योतिका श्री दांडी, अमोज जैकब और शुभा वेंकटेशन की चौकड़ी ने तीन मिनट 14.12 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इससे पहले का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन मिनट 14.34 सेकेंड का था जो भारतीय टीम ने पिछले साल हांगझोउ एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने के दौरान बनाया था।
सोमवार का यह समय भारतीय टीम को विश्व एथलेटिक्स की रोड टू पेरिस सूची में 21वें स्थान पर जगह दिलाता है। टीम का लक्ष्य 15वें या 16वें स्थान तक आना था। भारतीय टीम की पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की राह मुश्किल हो गई है।