थाईलैंड ओपन में खिताबी जीत, सात्विक-चिराग अब पुरुष युगल में वर्ल्ड नंबर 1
थाईलैंड ओपन में जीत के बाद सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पुरुष युगल विश्व रैंकिंग में नंबर एक स्थान हासिल कर लिया।
ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के दूसरे दौर में हार के बाद भारतीय जोड़ी तीसरे नंबर पर आ गई थी और सात्विक की चोट के कारण चीन में एशिया चैंपियनशिप में विपक्षी टीम को वॉकओवर दे दिया गया था।

उन्होंने रविवार को थाईलैंड ओपन में वापसी करते हुए चीन के चेन बो यांग और लियू यी पर सीधे गेम में जीत के साथ सीजन का अपना दूसरा खिताब जीता। बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में, वे 99670 अंकों के साथ दो पायदान चढ़कर पांच सप्ताह के बाद शीर्ष स्थान पर आ गए।
डबल ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु महिला एकल रैंकिंग में एक स्थान गिरकर 15वें नंबर पर आ गईं, एचएस प्रणय ने अपनी नंबर 9 रैंकिंग बरकरार रखी और पुरुष एकल के शीर्ष -10 में शामिल एकमात्र भारतीय हैं।
लक्ष्य सेन तीन स्थान गिरकर 14वें नंबर पर आ गए। किदांबी श्रीकांत (26वें), प्रियांशु राजावत (33वें) एक-एक स्थान नीचे आ गए, किरण जॉर्ज 36वें नंबर पर आ गए।
महिला युगल में तनीषा क्रैस्टो और अश्विनी पोनप्पा 19वें नंबर पर सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाली भारतीय हैं। राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी एक स्थान गिरकर विश्व में 29वें स्थान पर आ गई है।
मिश्रित युगल में, सतीश कुमार करुणाकरन और आद्या वरियाथ तीन स्थान ऊपर चढ़कर विश्व में 39वें स्थान पर आ गए और शीर्ष 50 में शामिल एकमात्र भारतीय हैं।