Trending

एफआईएच महिला प्रो लीग : अर्जेंटीना ने भारत को 5-0 से हराया

एफआईएच महिला प्रो लीग अभियान के यूरोपीय चरण में भारतीय महिला हॉकी टीम को अर्जेंटीना के खिलाफ 0-5 से हार मिली। अर्जेंटीना के लिए जुलिएटा जानकुनास (53वें, 59वें मिनट) ने दो गोल दागे, ऑगस्टिना गोर्जेलानी (13वें), वेलेंटीना रापोसो (24वें) और विक्टोरिया मिरांडा (41वें) ने एक एक गोल किये।

नये कोच हरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में अपना पहला मैच खेल रही भारतीय महिला टीम लय में नहीं दिखीं और खिलाड़ी पहले दो क्वार्टर में सर्कल में अंदर सेंध लगाने में असमर्थ दिखीं।

@hockeyindia

भारत की पूर्व कप्तान और अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया को टीम में चुने जाने के बावजूद भारतीय टीम लाइनअप से बाहर रखा गया। बीचू देवी खारीबाम ने गोलकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली।

अर्जेंटीना की खिलाड़ी शुरू से ही खतरनाक दिखीं। उन्होंने पहले दो क्वार्टर में सात पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये। उन्होंने लगातार हमलों से भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाये रखा और बार बार प्रतिद्वंद्वी सर्कल में सेंध लगायी।

अर्जेंटीना ने पहले क्वार्टर के चौथे और पांचवें मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर पर असफलता के बाद दो और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये। दूसरे पर गोर्जेलानी ने 13वें मिनट में भारतीय गोलकीपर को छकाकर गोल दागा।

अर्जेंटीना ने 19वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर पर मौका गंवा दिया। उसे ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ा और रापासो ने 24वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी। भारतीय डिफेंस तितरा बितरा दिख रहा था और अर्जेंटीना ने हाफटाइम से पहले दो और पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिये।

उन्होंने तीसरे क्वार्टर के दूसरे मिनट में आठवां पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, इससे फायदा नहीं उठा सकीं। तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम थोड़ी बेहतर दिखी। उन्होंने सर्कल में सेंध लगाने के अच्छे प्रयास किये ‘फिनिशिंग टच’ की कमी रही। अर्जेंटीना ने 41वें मिनट में मिरांडा के ‘रिवर्स हिट’ गोल से बढ़त तीन गुनी कर दी।

अर्जेंटीना ने अपना नौवां पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, पर इसका फायदा नहीं उठा सका। दीपिका ने 47वें मिनट में उदिता के पास पर ‘रिवर्स हिट’ किया, अर्जेंटीना की गोलकीपर क्रिस्टीना कोसेन्टिनो ने इस प्रयास को विफल किया।

जानकुनास ने छह मिनट के अंदर दो खूबसूरत मैदानी गोल दागकर स्कोर 5-0 कर दिया। भारतीय टीम गुरुवार को मेजबान बेल्जियम से भिड़ेगी।