दिग्गज बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने आईपीएल से लिया संन्यास
आईपीएल के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की हार के साथ दिग्गज दिनेश कार्तिक का आईपीएल करियर समाप्त हो गया। उन्होंने संन्यास ले लिया।
राजस्थान की जीत के बाद कार्तिक ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। विराट कोहली समेत आरसीबी के खिलाड़ियों ने उन्हें भावुक विदाई दी। कार्तिक उन ‘सात रत्नों’ यानी उन सात खिलाड़ी में से एक हैं, जिन्होंने 2008 से 2024 तक आईपीएल के हर सीजन में खेले हैं।

दिनेश कार्तिक ने 16 साल के करियर में 6 टीमों का प्रतिनिधित्व किया। मुंबई इंडियंस के साथ वह एक बार खिताब जीतने में भी सफल रहे।
उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स की दो साल कप्तानी भी की। उसे एक बार प्लेऑफ में भी पहुंचाया। आईपीएल में दिनेश कार्तिक का सफर दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के साथ शुरू हुआ और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए समाप्त हुआ।
कार्तिक को एलिमिनेटर में हार के बाद आरसीबी के खिलाड़ियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया तो हर कोई उनके संन्यास का कयास लग रहा था। आईपीएल के बॉडकास्टर जियो सिनेमा ने एक्स पर पोस्ट डालकर दिनेश कार्तिक के रिटायरमेंट की पुष्टि की।
आईपीएल लीग ने अपनी ऑफिशियल एक्स हैंडल पर इसे लेकर पोस्ट डाला। कार्तिक की ओर से इसे लेकर कोई बयान नहीं आया है।
कार्तिक 2008 से आईपीएल के हर सीजन में खेलने वाले सात खिलाड़ियों में से हैं। महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, ऋद्धिमान साहा और मनीष पांडे इस सूची में अन्य खिलाड़ी हैं। कार्तिक ने 17 सीजन में सिर्फ दो मैच मिस किए हैं।
कार्तिक ने अपने आईपीएल करियर में 257 मैच खेले, जो रोहित के साथ संयुक्त रूप से दूसरे सबसे अधिक मैच हैं। दोनों केवल धोनी से पीछे है, जो 264 आईपीएल मैचों का हिस्सा रहे हैं।
कार्तिक के आईपीएल में 4,842 रन हैं। वह वर्तमान में आईपीएल में 10वें सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम 22 अर्धशतक हैं। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने अपने करियर में 135.36 का स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
कार्तिक ने 2018 और 2020 के बीच 37 मैचों में केकेआर का नेतृत्व किया। उन्होंने 19 जीत दर्ज की। इस मामले में गौतम गंभीर (61) के बाद दूसरे नंबर पर हैं। केकेआर को फाइनल में पहुंचाने वाले श्रेयस अय्यर 16 जीत के साथ कार्तिक से पीछे हैं।
कार्तिक आईपीएल में बतौर विकेटकीपर 100 से अधिक शिकार करने वाले तीन खिलाड़ियों में से एक हैं। इस मामले में वह धोनी (190) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा शिकार (174) करने वाले खिलाड़ी हैं। धोनी के अलावा कार्तिक टूर्नामेंट में 35 से अधिक स्टंपिंग करने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।
धोनी के नाम 42 स्टंपिंग हैं। कार्तिक के नाम 37 स्टंपिंग हैं। रॉबिन उथप्पा ने 32 स्टंपिंग किए हैं। कार्तिक उन 4000 से अधिक रन बनाने वाले दो खिलाड़ियों में से एक हैं, जो आईपीएल की एक पारी में 50+ बार नाबाद लौटे हैं।
कार्तिक और धोनी एकमात्र दो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने विकेटकीपर के रूप में 4,000 से अधिक आईपीएल रन बनाए हैं। कार्तिक के नाम आईपीएल में डेथ ओवरों में तीसरे सबसे अधिक रन हैं। 186.97 की स्ट्राइक रेट से 1,565 रन बनाए हैं।
कार्तिक ने आईपीएल में 257 मैच खेले। 26.32 की औसत से 4842 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 135,36 का रहा। उन्होंने 145 कैच पकड़े और 37 स्टंप किए। आईपीएल में उन्होंने 36.22 की औसत से 326 रन बनाए। स्ट्राइक रेट 187.36 का रहा। 2 अर्धशतक जड़े। 22 कैच लिए और 4 स्टंप किए।
दिनेश कार्तिक का इंटरनेशनल करियर 2004 में शुरू हुआ। उन्होंने टेस्ट,वनडे और टी20 मिलाकर 190 मैच की 169 पारी में 27.70 की औसत से 3463 रन बनाए। 1 शतक और 17 अर्धशतक लगाए। 151 कैच लिए और 21 स्टंप किए।
टेस्ट क्रिकेट में 26 मैच की 42 पारी में 25 की औसत से 1025 रन बनाए। एक शतक और 7 अर्धशतक जड़े। 57 कैच और 6 स्टंपिंग किए। वनडे में 94 मैच की 79 पारी में 30.20 की औसत से 1752 रन बनाए। 9 अर्धशतक जड़े। 64 कैच और 7 स्टंपिंग किए। 60 टी20 में 48 पारी में 26.38 की औसत और 142.61 की स्ट्राइक रेट से 686 रन बनाए। 30 कैच और 8 स्टंपिंग किए।
महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में 2007 में टी20 वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे दिनेश कार्तिक ने भारत के लिए आखिरी बार इंटरनेशनल क्रिकेट 2022 में ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान खेला।
उन्हें निधास ट्रॉफी के फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर जीत दिलाने के लिए याद किया जाएगा। कार्तिक पहले ही बतौर कमेंटेटर अपना पैर जमा चुके हैं।