एशियाई सीनियर जिमनास्टिक : दीपा करमाकर स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय
शीर्ष भारतीय जिमनास्ट दीपा करमाकर रविवार को महिला वॉल्ट स्पर्धा में पीला तमगा हासिल कर एशियाई सीनियर चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली देश की पहली जिमनास्ट बन गयीं। दीपा (30 वर्ष) ने प्रतियोगिता के आखिरी दिन वॉल्ट फाइनल में 13.566 का औसत स्कोर बनाया।

उत्तर कोरिया की किम सोन हयांग (13.466) और जो क्योंग ब्योल (12.966) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। रियो ओलंपिक 2016 में वॉल्ट फाइनल में चौथे स्थान पर रही दीपा ने 2015 चरण में इसी स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया था।
आशीष कुमार ने 2015 एशियाई चैंपियनशिप में व्यक्तिगत फ्लोर एक्सरसाइज में कांस्य पदक जीता था। प्रणति नायक ने 2019 और 2022 चरण में वॉल्ट स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था।
डोपिंग उल्लघंन के कारण 21 महीने के निलंबन के बाद पिछले साल लौटने वाली दीपा आगामी पेरिस ओलंपिक की दौड़ से बाहर हैं।