Trending

बाक्सिंग ओलंपिक क्वालीफायर : अविनाश व निशांत की जीत

भारतीय मुक्केबाजों ने पेरिस ओलंपिक के लिए दूसरे विश्व मुक्केबाजी क्वालीफायर के तीसरे दिन दबदबा जारी रखा जिसमें अविनाश जामवाल (63.5 किग्रा) और निशांत देव (71 किग्रा) ने अपने मुकाबलों में जीत हासिल की।

साभार : गूगल

जामवाल को दूसरे क्वालीफायर में ओलंपियन शिव थापा की जगह टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने पहले दौर के मुकाबले में लिथुआनिया के एंड्रीजस लावरेनोवास के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

हिमाचल प्रदेश के इस मुक्केबाज ने शुरुआती राउंड में अपने मुक्कों से शानदार प्रदर्शन कर रिंग में दबदबा बनाए रखा। वह जजों के सर्वसम्मत 5-0 से फैसले से जीत दर्ज की। विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता देव ने गिनी-बिसाऊ के अरमांडो बिगफा पर 5-0 से जीत हासिल की।

देव ने मुकाबले की शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाया और प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज को कोई मौका नहीं दिया। थाईलैंड की राजधानी में चल रही प्रतियोगिता में 10 भारतीय प्रतिभागियों में से सचिन सिवाच (57 किग्रा) और अभिमन्यु लौरा (80 किग्रा) ने प्रतियोगिता के पहले दिन जीत दर्ज की।

अमित पंघाल (51 किग्रा), संजीत (92 किग्रा), नरेंद्र (92 किग्रा से अधिक) के साथ महिला मुक्केबाज जैस्मीन (57 किग्रा) और अरुंधति चौधरी (66 किग्रा) को पहले दौर में बाई मिली है।

अंकुशिता बोरो अपने 60 किग्रा अभियान की शुरुआत मंगोलिया की नामुन मोनखोर के खिलाफ करेंगी अभिमन्यु 80 किग्रा के अंतिम 32 दौर में आयरलैंड के केलिन कैसिडी से भिड़ेंगे। भारत ने तीन पेरिस ओलंपिक कोटा अर्जित किये हैं।