नॉर्वे शतरंज : पहले दौर में प्रज्ञानानंदा के सामने अलीरजा की चुनौती
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के पहले दौर में फ्रांस के अलीरजा फिरोजा से खेलेंगे, आर वैशाली की टक्कर महिला विश्व विजेता चीन की वेंजुन जू से होगी।
पुरूष वर्ग में शीर्ष छह ग्रैंडमास्टर भाग लेंगे, महिला वर्ग में शीर्ष छह खिलाड़ी खेलेंगी। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन लंबे समय बाद क्लासिकल शतरंज टूर्नामेंट में भाग लेंगे।

सभी की नजरें मौजूदा विश्व विजेता चीन के डिंग लिरेन पर होंगी जो साल के आखिर में भारत के डी गुकेश की चुनौती का सामना करेंगे।
रूस के इयान नेपोम्नियाश्चि को विश्व चैंपियनशिप मुकाबले में हराने के बाद उन्होंने काफी कम प्रतिस्पर्धी शतरंज खेली है। पहले दौर में उनका सामना कार्लसन से होगा। अमेरिका के फेबियानो कारूआना और हिकारू नकामूरा भाग लेंगे। दोनों पहले दौर में एक दूसरे के आमने सामने होंगे।
ड्रॉ होने पर खिलाड़ी टाइब्रेकर खेलेंगे। क्लासिकल टाइम कंट्रोल के तहत जीतने पर तीन अंक मिलेंगे, ड्रॉ रहने पर टाइब्रेकर जीतने वाले को डेढ और हारने वाले को एक अंक दिया जायेगा। महिला वर्ग में वैशाली के अलावा कोनेरू हम्पी, यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक ,स्वीडन की पिया क्रामलिंग और चीन की वेनजुन और तिंगजि लेइ भाग लेंगे।