Trending

अल्टीमेट टेबल टेनिस का पांचवां सत्र 22 अगस्त से, दो नई टीमें शामिल होगी

अल्टीमेट टेबल टेनिस का पांचवां सत्र 22 अगस्त से सात सितंबर तक चेन्नई में होगा जिसमें जयपुर और अहमदाबाद से दो नई टीम खेलेगी। आयोजकों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

साभार : गूगल

भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के तत्वावधान में इस फ्रेंचाइजी आधारित लीग का आयोजन चार साल बाद पिछले साल हुआ था। नीरज बजाज और वीटा दानी इस लीग के प्रमोटर हैं। यूटीटी की विज्ञप्ति के अनुसार पहली बार लीग में आठ टीम भाग लेंगी।

अहमदाबाद एसजी पाइपर्स और जयपुर पैट्रियट्स लीग की दो नई टीम होंगी। पिछले साल हुए फाइनल में गोवा चैलेंजर्स ने पूर्व चैंपियन चेन्नई लॉयन्स को हराकर खिताब जीता था।

दो नई टीमों को शामिल करने के बाद आठ टीमों को चार-चार टीम के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक टीम लीग के दौरान पांच मैच खेलेगी। वह अपने ग्रुप की तीनों टीमों से भिड़ने के अलावा दूसरे ग्रुप की दो टीम से खेलेगी जिसका फैसला ड्रॉ के आधार पर होगा।