Trending

टी-20 वर्ल्ड कप : अमेरिका की धमाकेदार शुरुआत, कनाडा को 7 विकेट से हराया

आरोन जोन्स की 40 गेंद पर खेली गई नाबाद 94 रन की पारी से सह मेजबान अमेरिका ने टी20 विश्व कप के उद्घाटन मैच में कनाडा को 14 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हराकर धमाकेदार शुरुआत की।

@Getty Images

कनाडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 194 रन बनाए। अमेरिका ने जवाब में एंड्रीज गौस के 65 रन और जोन्स की तूफानी पारी से 17.4 ओवर में तीन विकेट पर 197 रन बनाकर जीत दर्ज की। जोन्स ने अपनी पारी में 10 छक्के और चार चौके लगाए।

न्यूयॉर्क में जन्में जोन्स ने जहां आक्रमक बल्लेबाजी करके प्रभावित किया, गौस ने बेहतरीन पारी खेली। अमेरिका ने 42 रन तक दो विकेट गंवा दिए थे इसके बाद गौस ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए।

@ICC/Getty Images

जोन्स और गौस ने तीसरे विकेट के लिए 131 रन की साझेदारी की जिससे अमेरिका आसानी से लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा। इससे पहले नवनीत धालीवाल (61) और आरोन जॉनसन (23) ने कनाडा को आक्रामक शुरुआत दिलाई। निकोलस किर्टन ने 31 गेंदों में 51 रन बनाकर उसे चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

मुंबई में जन्मे बाएं हाथ के स्पिनर हरमीत सिंह ने छठे ओवर में जॉनसन को आउट करके टूर्नामेंट का पहला विकेट लिया। उनकी जगह लेने के लिए उतरे परगट सिंह भी केवल पांच रन बनाकर रन आउट हो गए।

धालीवाल को किर्टन के रूप में अच्छा साथी मिला। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर कोरी एंडरसन ने धालीवाल को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी।

धालीवाल ने 44 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। विकेटकीपर श्रेयस मोव्वा ने 16 गेंदों पर 32 रन बनाकर रन गति धीमी नहीं पड़ने दी। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और इतने ही छक्के लगाए।