श्रुति रघुनाथन के साथ शादी के बंधन में बंधे ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर
ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर रविवार को श्रुति रघुनाथन के साथ शादी के बंधन में बंध गए। दोनों की सगाई पिछले साल नवंबर में हुई थी।
दोनों ने परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में पारंपरिक रीति रिवाज से शादी रचाई। वेंकटेश को 8 दिन के अंदर दूसरी बड़ी खुशी मिली है। कोलकाता नाइट राइडर्स 26 मई को आईपीएल 2024 चैंपियन बनी, जिसका वेंकटेश हिस्सा हैं।

श्रुति रघुनाथन पेशे से फैशन डिजाइनर हैं। उन्होंने पीएसजी कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीकॉम किया है। उन्होंने एनआईएफटी इंडिया से फैशन मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री ली है।
बता दें कि वेंकटेश ने आईपीएल के 17वें सीजन में प्रभावी प्रदर्शन किया। उन्होंने 14 मैचों में 46.25 की औसत और 158.80 के स्ट्राइक रेट से 370 रन बनाए और केकेआर को ट्रॉफी जिताने में भूमिका निभाई।

वेंकटेश ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ फाइनल में नाबाद अर्धशतक जमाया था। केकेआर ने 10 साल बाद खिताबी सूखा समाप्त किया और तीसरी ट्रॉफी हासिल की। वेंकटेश काफी समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच फरवरी 2022 में खेला था।
उन्होंने नवंबर 2021 में इंटरनेशनल डेब्यू किया। वेंकटेश ने भारत के लिए दो वनडे और 9 टी20 में क्रमश: 24 और 133 रन जुटाए। उन्होंने टी20 में पांच विकेट झटके।
वेंकटेश के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 50 मुकाबलों में 1326 रन जोड़े। उनका इस दौरान औसत 46.25 और स्ट्राइक रेट 158.80 का रहा। उन्होंने चार फिफ्टी ठोकीं। वेंकटेश ने 2021 में आईपीएल डेब्यू किया था।