टी-20 विश्वकप : फ्रैंक नसूबूगा की फिरकी ने युगांडा को दिलाई जीत
स्पिनर फ्रैंक नसूबूगा की दमदार गेंदबाजी से युगांडा ने टी-20 वर्ल्ड कप में पापुआ न्यू गिनी पर तीन विकेट से जीत दर्ज की। पहला टी-20 वर्ल्ड कप खेल रही युगांडा ने पहला मैच जीतकर अपने इस सफर की शानदार शुरुआत की।

युगांडा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। जवाब में पापुआ न्यू गिनी 77 पर सिमट गई। युगांडा से अल्पेश रामजानी, जुमा मियागी, कॉसमास क्यवुता और फ्रैंक नसूबूगा को 2-2 विकेट मिले।
एक छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी युगांडा ने 26 के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। इस चेज में युगांडा के लिए अहम भूमिका रियाज़त अली शाह ने निभाई, जिन्होंने 56 गेंदों पर 33 रनों की पारी खेली।

पापुआ न्यू गिनी ने खराब बल्लेबाजी तो की ही, गेंदबाजी में उन्होंने वाइड के 15 रन दिए, जिससे युगांडा के लिए चेज और आसान हो गया। युगांडा ने 18.2 ओवर में 7 विकेट खोकर टारगेट चेज कर लिया।
फ्रैंक नसूबूगा ने टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे किफायती स्पेल डालते हुए चार ओवर में चार रन देकर दो विकेट लिए, जिसमें दो मेडन ओवर भी थे। टूर्नामेंट में श्रीलंका के खिलाफ में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक ने अपने 4 ओवर में 7 रन दिए थे।