टी-20 वर्ल्ड कप : अमेरिका की दूसरी जीत, सुपर ओवर में पाकिस्तान को दिया झटका
मोहम्मद आमिर ने सुपर ओवर में दिशाहीन गेंदबाजी करते हुए सात वाइड समेत 18 रन दिए, सौरभ नेत्रवलकर ने 13 रन देकर अमेरिका को टी20 विश्व कप में पाकिस्तान पर पांच रन की जीत दिलाई। यह अमेरिका की दूसरी जीत हैं।

आमिर के सुपर ओवर में अमेरिका ने आरोन जेम्स (11) और हरमीत सिंह (नाबाद 00) की पारियों से एक विकेट पर 18 रन बनाए। पाक से फखर जमां (नाबाद 00), इफ्तिखार अहमद (04) और शादाब खान (नाबाद 03) बल्लेबाजी के लिए उतरे।
पाक के 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका ने कप्तान मोनांक पटेल (50 रन, 38 गेंद, सात चौके, एक छक्का) के अर्धशतक और एंड्रीज गौस (35) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 68 रन की साझेदारी से तीन विकेट पर 159 रन बनाकर मैच टाई किया।

आरोन जोन्स (26 गेंद में नाबाद 36) और नितीश कुमार (नाबाद 14) ने अंतिम ओवर में 13 रन बनाकर मैच टाई कराया। पाक ने कप्तान बाबर आजम की 43 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों से 44 रन की पारी और शादाब (40) के साथ तीसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 159 रन बनाए।
शादाब ने 25 गेंद का सामना करते हुए एक चौका और तीन छक्के मारे। अमेरिका से स्पिनर नोस्तुश केनजिगे ने 30 रन देकर तीन विकेट झटके। नेत्रवलकर ने 18 रन पर दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे अमेरिका को कप्तान मोनांक और स्टीवन टेलर (12) ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़कर शुरुआत दिलाई। मोनांक ने आमिर (25 रन पर एक विकेट) पर चौका जड़ने के बाद शाहीन शाह अफरीदी पर दो चौके मारे।
नसीम शाह (26 रन पर एक विकेट) ने टेलर को रिजवान के हाथों कैच कराके पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई।
एंड्रीज ने आते ही नसीम पर दो चौकों के साथ तेवर दिखाए। उन्होंने हारिस राउफ (37 रन पर एक विकेट) पर चौके के साथ सातवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। एंड्रीज ने शादाब पर पारी का पहला छक्का जड़ा, मोनांक ने इफ्तिखार खान का स्वागत दो चौकों के साथ किया।
मोनांक ने शाहीन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 34 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। राउफ ने एंड्रीज को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने 26 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का मारा।
आमिर ने मोनांक को बोल्ड करके अमेरिका को झटका दिया। कनाडा के खिलाफ पहले मैच में अमेरिका की जीत में नाबाद अर्धशतक जड़ने वाले आरोन जोन्स ने शादाब पर छक्का मारा, नसीम और शाहीन के अगले दो ओवर में क्रमश: छह और सात रन बने।
जोन्स के छक्के तथा नितीश के चौके से अमेरिका ने स्कोर बराबर किया। मोनांक ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसे उनके गेंदबाजों ने सही साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
पारी के दूसरे ओवर में भारत के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर सौरव नेत्रवलकर की गेंद पर स्लिप में स्टीवन टेलर ने सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (09) का शानदार कैच लपका, अगले ओवर में उस्मान खान (03) ने नोस्तुश केनजिगे की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर नितीश कुमार को कैच थमाया।
फखर जमां (11) ने बाएं हाथ के स्पिनर केनजिगे की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा, तेज गेंदबाज अली खान की गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर टेलर को कैच दे बैठे। शादाब ने तेज गेंदबाज जसदीप सिंह पर दो छक्कों के साथ 10वें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।
पारी का आगाज करते हुए बाबर ने बेहद धीमी शुरुआत की। उन्होंने 24 गेंद में 10 रन बनाने के बाद जसदीप पर पहला चौका जड़ा और केनजिगे की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए। बाबर और शादाब ने 12वें ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर हरमीत सिंह पर छक्के जड़े।
केनजिगे ने शादाब को नेत्रवलकर के हाथों कैच कराके बाबर के साथ उनकी साझेदारी को तोड़ा। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने अगली गेंद पर आजम खान (00) को पगबाधा करके पाक का स्कोर पांच विकेट पर 98 रन किया। पाक के रनों का शतक 14वें ओवर में पूरा हुआ।
बाबर ने जसदीप पर छक्का जड़ा, इसी ओवर में पगबाधा हो गए। शाहीन शाह अफरीदी (नाबाद 23) और इफ्तिखार खान (18) ने अंत में उपयोगी पारियां खेलकर टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।