कई दिलचस्प बदलाव के साथ सामने आया डोमेस्टिक शेड्यूल, देवधर ट्रॉफी फिर बाहर
बीसीसीआई ने 2024/25 सत्र के लिए पुरुष और महिला घरेलू टूर्नामेंट के शेड्यूल की घोषणा कर दी है। डोमेस्टिक सीजन की शुरुआत 5 सितंबर को प्रतिष्ठित रेड-बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट, दलीप ट्रॉफी के साथ होगी।

अक्टूबर में ईरानी ट्रॉफी होगी। लिमिटेड ओवर क्रिकेट की शुरुआत सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से होगी, जो 23 नवंबर से शुरू होगी। विजय हजारे ट्रॉफी होगी, जो 21 दिसंबर से शुरू होगी। देवधर ट्रॉफी को शेड्यूल से एक बार फिर हटा दिया गया है, जिसे चार साल के अंतराल के बाद पिछली बार जोड़ा गया था।
डोमेस्टिक सीजन के दौरान इस बार कई दिलचस्प बदलाव देखने को मिलेंगे। सीके नायडू ट्रॉफी के लिए एक नया बदलाव प्रस्तावित किया गया है, जिसमें टॉस को समाप्त किया जा रहा है। इसके बजाय, मेहमान टीम को पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी करने का विशेषाधिकार होगा।
रणजी ट्रॉफी को दो अलग-अलग चरणों में विभाजित किया गया है, जिसमें लीग चरण अक्टूबर में होगा और थोड़े समय के ब्रेक के बाद नॉकआउट फरवरी से फिर से शुरू होगा।
बीसीसीआई ने प्रेस रिलीज में कहा, “घरेलू सत्र 2024-25 की सावधानीपूर्वक योजना बनाई गई है, जिसमें खिलाड़ियों की भलाई को प्राथमिकता देते हुए घरेलू क्रिकेट के मूल को मजबूत करने के लिए कई कारकों को ध्यान में रखा गया है।
महिलाओं का घरेलू सीजन 17 अक्टूबर को सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी के साथ शुरू होगा। नॉकआउट राउंड 6 नवंबर से शुरू होंगे। 17 नवंबर से 27 नवंबर तक सीनियर महिला टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी खेली जाएगी। सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी 4 से 30 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी, मल्टी डे चैलेंजर ट्रॉफी 18 मार्च से 1 अप्रैल तक खेली जाएगी।