Trending

टी-20 विश्वकप : नामीबिया की हार, स्कॉटलैंड ने 5 विकेट से जीता मैच

टी-20 विश्व कप में स्कॉटलैंड टीम ने नामीबिया को 5 विकेट से हराया। स्कॉटलैंड की टी-20 विश्व कप 2024 में यह पहली जीत और नामीबिया की पहली हार है। इससे पहले इंग्लैंड टीम के खिलाफ स्कॉटलैंड का मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। नामीबिया को ओमान टीम के खिलाफ सुपर ओवर में जीत मिली थी।

@ICC/Getty Images

नामीबिया टीम ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ और 37 रन तक 3 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। यहां से कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने पारी को संभाला और अर्धशतकीय पारी (52) खेली। नामीबिया ने 9 विकेट खोकर 155 रन बनाए। स्कॉटलैंड के लिए ब्रैड व्हील ने 3 विकेट झटके।

जवाब में स्कॉटलैंड ने 18.3 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। नामीबिया के कप्तान ने मैच में 31 गेंद का सामना किया और 52 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 167.74 की रही।

@Getty Images

यह इस खिलाड़ी के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 10वां अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक टी-20 क्रिकेट में 59 मुकाबले खेले हैं। इसकी 57 पारियों में उन्होंने 32.65 की औसत और 123.59 की स्ट्राइक रेट से 1,404 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक भी निकला है।

स्कॉटलैंड के माइकल लीस्क को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। एक समय स्कॉटलैंड टीम के 4 बल्लेबाज 73 रन पर पवेलियन में थे। लीस्क ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और सिर्फ 17 गेंद में 35 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 4 शानदार छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 205.88 की रही।

गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने कमाल दिखाया और 2 ओवर में 16 रन देकर 1 बल्लेबाज को पवेलियन की राह दिखाई। स्कॉटलैंड के ब्रैड व्हील ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और 33 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

ब्रैडली करी ने उनका खूब साथ निभाया और 4 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 2 बल्लेबाजों को आउट किया। उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 4 की रही। इन दोनों गेंदबाजों के अलावा क्रिस्टोफर सोल, क्रिस ग्रीव्स और लीस्क को मैच में 1-1 सफलता मिली। गेंदबाजों के ही कारण स्कॉटलैंड मैच में मजबूत हुई।