एटीपी चैलेंजर स्पर्धा : इवान गखोव पर जीत से सुमित नागल अंतिम चार में
भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले एकल खिलाड़ी सुमित नागल ने एटीपी 100 चैलेंजर स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में इवान गखोव को सीधे सेटों में हराया। नागल ने रूस के खिलाड़ी को 82 मिनट तक चले मुकाबले में 6-1, 7-6 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

नागल पेरिस ओलंपिक में एकल स्पर्धा के लिए क्वालीफाई करने के लिए रैंकिंग को बेहतर करने की कोशिश कर रहे है। ओलंपिक में पुरुषों का ड्रा 64 खिलाड़ियों का होगा।
नागल ने फ्रेंच ओपन के पहले दौर में कारेन खाचानोव के हाथों मिली से उबरते हुए 120,000 यूरो (लगभग एक करोड़ आठ लाख रुपये) पुरस्कार राशि वाले टूर्नामेंट में अब तब शानदार प्रदर्शन किया है।
उन्होंने गखोव के खिलाफ पहले सेट में दमदार प्रदर्शन किया। रूस के खिलाड़ी ने दूसरे सेट में वापसी करते हुए नागल को कड़ी टक्कर दी, भारतीय खिलाड़ी ने अहम मौकों पर धैर्य और अनुभव का अच्छा इस्तेमाल कर दबाव को हावी नहीं होने दिया।
नागल ने मैच के बाद कहा, ‘‘ मैं पिछले साल के आखिरी महीनों से अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेल रहा हूं। इससे पहले मैं कूल्हे की सर्जरी के कारण डेढ़ साल तक खेल से दूर था। साल 2022 के आखिर से मैं बिना परेशानी या दर्द के खेल रहा हूं।