टी-20 विश्व कप : अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराकर किया उलटफेर
टी-20 विश्व कप में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जब अफगानिस्तान टीम ने न्यूजीलैंड टीम को 84 रन से हराया।अफगानिस्तान की यह दूसरी जीत है और न्यूजीलैंड को पहले मैच में ही हार मिली।

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उसका फैसला गलत साबित हुआ और पहले विकेट के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज (80) और इब्राहीम जादरान (44) ने 103 रन जोड़ दिए।
दोनों की शानदार पारियों के बदौलत अफगानिस्तान 20 ओवर में 159 रन बनाने में सफल रही। जवाब में न्यूजीलैंड को शुरुआती झटके लगे, जिससे वह उबर ही नहीं पाई और पूरी टीम 75 रन ही बना पाई। फजलहक फारूकी और राशिद खान ने 4-4 विकेट लिए।
टी-20 विश्व कप में यह न्यूजीलैंड का दूसरा सबसे छोटा स्कोर है। इससे पहले वह 2014 में 60 रन पर ऑलआउट हो गए थे। फिन एलन पहले कीवी बल्लेबाज हैं, जो टी-20 विश्व कप में पहली गेंद पर ही पवेलियन लौट गए।

अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने मैच में कमाल का प्रदर्शन दिखाया। फारूकी ने लगातार दूसरे मुकाबले में घातक गेंदबाजी की और 4 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।
वह इस विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट (9) लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। कप्तान राशिद ने अपना जलवा दिखाया और उन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए। इस खिलाड़ी ने 4 ओवर में 17 रन खर्च किए।
मोहम्मद नबी ने मैच में 2 विकेट झटके। गुरबाज ने 56 गेंद में 80 रन बनाए। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने पवेलियन की राह दिखाई। उनके बल्ले से 5 चौके और 5 छक्के शानदार निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 142.86 की रही।
उन्होंने पहले विकेट के लिए जादरान के साथ 87 गेंद में 103 रन की साझेदारी निभाई। इन दोनों खिलाड़ियों ने लगातार दूसरे मुकाबले में शतकीय साझेदारी निभाई है। पहली बार टी-20 विश्व कप के इतिहास में किसी सलामी जोड़ी ने लगातार 2 पारियों में ऐसा किया है।
कप्तान के तौर पर राशिद ने टी-20 विश्व कप में सबसे शानदार आंकड़े दर्ज किए हैं। उनके अलावा सिर्फ डेनियल विटोरी और जीशान मकसूद ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने टी-20 विश्व कप में 4 विकेट हॉल अपने नाम किए थे।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में राशिद ने छठी बार 4 विकेट हॉल लिए हैं। उन्होंने अब तक 87 मुकाबले खेले हैं और 13.88 की औसत से 144 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/3 विकेट का रहा है।
गुरबाज द्वारा खेली गई 80 रन की पारी टी-20 विश्व कप के इतिहास में किसी भी अफगानिस्तान के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। गुरबाज ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। उन्होंने युगांडा क्रिकेट टीम के खिलाफ पिछले मुकाबले में 76 रन बनाए थे।
इससे पहले ये रिकॉर्ड नजीबुल्लाह जादरान के नाम था। उन्होंने 2021 के टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के ही खिलाफ 73 रन की पारी खेली थी। गुरबाज और जादरान एक विश्व कप में 2 बार शतकीय साझेदारी निभाने वाली चौथी जोड़ी बन गई है।
उनसे पहले बाबर आजम-मोहम्मद रिजवान (2021), रोहित शर्मा-विराट कोहली (2014) और एडम गिलक्रिस्ट-मैथ्यू हेडन (2007) ये कारनामा कर चुके हैं। गुरबाज टी-20 विश्व कप के लगातार 2 मुकाबलों में 70+ का स्कोर बनाने वाले दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले इंग्लैंड टीम के कप्तान जोस बटलर (2021) ने यह कारनामा किया था।