बुडापेस्ट कुश्ती टूर्नामेंट : 57 किग्रा वर्ग में अंशु मलिक को रजत पदक
भारतीय महिला पहलवान अंशु मलिक फाइनल में 21 वर्षीय चीनी प्रतिद्वंद्वी केक्सिन होंग की चुनौती से पार पाने में विफल रही और उन्हें बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज कुश्ती टूर्नामेंट के 57 किग्रा वर्ग में रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

विश्व की नंबर एक खिलाड़ी के खिलाफ अंशु मलिक को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 1-12 से हार मिली। भारत की अंतिम पंघाल ने इससे पहले 53 किग्रा वर्ग में रजत पदक हासिल किया, स्टार पहलवान विनेश फोगट 50 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में चीन की जियांग झू से 0-5 से हार गईं थी।
अंशु ने मोल्दोवा की अनास्तासिया निचिता के खिलाफ 6-5 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। उन्होंने विश्व चैंपियन झांग क्यूई की चुनौती को 2-1 से पार करके एक और चीनी खिलाड़ी के साथ खिताबी भिड़ंत पक्की की।
पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान अमन सहरावत ने प्रतियोगिता के पहले दिन रजत पदक जीता था। वह फाइनल में जापान के री हिगुची से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 1-11 से हार गए थे।