Trending

टी-20 विश्व कप : दक्षिण अफ्रीका की जीत में क्लासेन व गेंदबाजों का कमाल

टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका टीम ने बांग्लादेश टीम को 4 रन से हराते हुए अपनी तीसरी जीत दर्ज की। नसाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्रोटियाज टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 113/6 का स्कोर बनाया।

@Getty Images

जवाब में बांग्लादेशी टीम पूरे ओवर खेलने के बावजूद 109/7 का स्कोर ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका को पहले ही ओवर में रीजा हेंड्रिक्स (0) के रूप में पहला झटका लगा। एडेन मार्करम (4) और ट्रिस्टन स्टब्स (0) सस्ते में पवेलियन लौट गए।

संकट की घड़ी में बल्लेबाजी करने के लिए आए क्लासेन ने मिलर के साथ मिलकर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। जवाब में बांग्लादेश ने 50 रन तक 4 विकेट खो दिए। तौहीद हृदोय (37) ने संघर्षपूर्ण पारी खेली, जीत नहीं दिला सके।

क्लासेन ने 44 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के लगाए। वह अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर के 5वें अर्धशतक से चूक गए। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 करियर के 4,500 रन भी पूरे किए।

@Getty Images

क्लासेन ने अपने 198वें टी-20 मैच में 4,500 रन का आंकड़ा पार किया है। उन्होंने 183 पारियों में लगभग 33 की औसत के साथ 4,528 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज तंजीम ने अपने 4 ओवर में 18 रन देते हुए 3 विकेट लिए। इस तेज गेंदबाज ने क्विंटन डिकॉक (18), हेंड्रिक्स (0) और स्टब्स (0) के रूप में प्रमुख विपक्षी बल्लेबाजों के विकेट झटके। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

उन्होंने अब तक 8 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 28.12 की औसत और 7.50 की इकॉनमी रेट से 8 विकेट लिए हैं। एनरिक नोर्खिया ने अपने 4 ओवर में 17 रन देते हुए 2 विकेट झटके। उन्होंने बांग्लादेश के विरुद्ध टी-20 विश्व कप के इतिहास में 3 मैचों में 9 विकेट लिए हैं।

वह इस टूर्नामेंट में किसी टीम के खिलाफ संयुक्त रूप से दूसरे सर्वाधिक विकेट झटकने वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में उमर गुल (9 विकेट बनाम न्यूजीलैंड) की बराबरी की है। इनसे ज्यादा अजंता मेंडिस ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 13 विकेट लिए हैं।

टी-20 क्रिकेट में बांग्लादेशी टीम दक्षिण अफ्रीका खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज करने से चूक गई है। यह उसकी प्रोटियाज टीम के विरुद्ध टी-20 मैचों में लगातार 9वीं हार है। बता दें कि दोनों टीमों के बीच 2007 में पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला गया था।

टी-20 विश्व कप के इतिहास में दोनों के बीच 4 मुकाबले खेले गए हैं और सभी में दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज की है। बांग्लादेश को जीत के लिए आखिरी 6 गेंदों में 11 रन की दरकार थी। मैच का आखिरी ओवर करने आए केशव महाराज ने 6 रन दिए।

इस बीच उन्होंने महमूदुल्लाह (20) और जाकिर अली (4) के विकेट लिए। इस अनुभवी स्पिनर ने अपने 4 ओवर में 27 रन देते हुए ये 3 विकेट झटके। उनके अलावा कगिसो रबाडा और नोर्खिया ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका के नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। उसने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने अब तक के सबसे छोटे स्कोर का बचाव किया है। इससे पहले 2014 विश्व कप में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 119 रन का ही बचाव किया था।

इसके साथ-साथ मौजूदा संस्करण में भारत ने पाकिस्तान के विरुद्ध 119 रन का सफलतापूर्वक बचाव किया था। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दक्षिण अफ्रीका द्वारा बचाया गया न्यूनतम स्कोर भी है।