Lok Sabha Speaker: 18वीं लोकसभा का संसद सत्र 24 जून से होगा शुरू, जानें कब तक चलेगा और क्या-क्या होगा.

Lok Sabha Speaker: मोदी सरकार 3.0 एक्शन मोड में नजर आ रही है. पीएम मोदी के शपथ लेने के बाद से ही वह अपने 100 दिन के एजेंडे पर काम करते भी दिख रहे हैं. किसानों को लेकर उन्होंने सबसे पहले आदेश पारित किया और इसके बाद से ही लगातार आगे की रणनीति पर काम हो रहा है. दरअसल पीएम मोदी ने पहले ही कह दिया था कि एनडीए के अब तक के 10 वर्ष सिर्फ ट्रेलर थे असली पिक्चर अभी बाकी है. इस बीच एक और बड़ी खबर सामने आ गई है. संसद के विशेष सत्र की तारीख सामने आ चुकी है. जी हां मोदी सरकार के ज्यादातर बड़े फैसले यहीं से होकर गुजरते हैं. ऐसे में संसद के विशेष सत्र पर भी सभी की निगाहें टिकी रहेंगी. 

कब शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
मोदी सरकार में केंद्रीय संसद मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता किरण रिजिजू ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया है. इस पोस्ट में उन्होंने साफ कर दिया है कि पार्लियामेंट का स्पेशल सेशल कब से शुरू हो रहा है. रिजिजू के मुताबिक, 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून 2024 से शुरू हो रहा है. यह सत्र जुलाई की 3 तारीख तक चलेगा. इस दौरान नव निर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण होगा.

इस दौरान राष्ट्रपति का अभिभाषण भी होगा. इसके साथ ही उस पर चर्चा भी होगी. इसके साथ ही राज्यसभा का 264वां सत्र भी शुरू होने जा रहा है. इसकी तारीख 27 जून 2024 बताई गई है. यह सत्र भी 3 जुलाई 2024 तक चलेगा. 

कब होगा लोकसभा स्पीकर का चुनाव
केंद्रीय संसदीय मंत्री किरण रिजिजू ने अपने पोस्ट में ये तो लिखा है कि इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा, हालांकि इसको लेकर तारीख साझा नहीं की गई है. माना जा रहा है कि 24 जून को सत्र शुरू होगा और इसमें सबसे पहले नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी. इसके बाद यानी 25 या 26 जून को लोकसभा स्पीकर का चुनाव हो सकता है.