टी-20 विश्व कप : अमेरिका पर जीत के साथ भारत सुपर -8 में
टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम ने अमेरिका टीम को 7 विकेट से हराते हुए तीसरी जीत दर्ज की। इस मैच में मेजबान टीम ने 8 विकेट पर 110 रन बनाया। जवाब में भारत ने 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। इस जीत के साथ ही भारत ने सुपर-8 में प्रवेश किया है।

अर्शदीप ने अपने पहले ही ओवर में 2 विकेट खोकर अमेरिका की खराब शुरुआत कर दी। इसके बाद टीम ने नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाए। स्टीवन टेलर (24) और नितीश कुमार (27) ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए स्कोर 100 के पार पहुंचाया।
जवाब में भारत ने 10 रन तक विराट कोहली (0) और रोहित शर्मा (3) के विकेट खो दिए। ऋषभ पंत (18) और सूर्यकुमार यादव (50*) ने उम्दा योगदान देते हुए जीत दिलाई। जोरदार लय में चल रहे अर्शदीप ने पारी की पहली ही गेंद पर शायन जहांगीर (0) और छठी गेंद पर एंड्रीस गौस (2) के विकेट झटके।
इसके बाद उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे नितीश कुमार (27) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने हरमीत सिंह (10) को अपना चौथा शिकार बनाया। उन्होंने अपने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देते हुए ये 4 विकेट लिए। हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट अपने नाम किए।

अर्शदीप टी-20 विश्व कप में भारत से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 2014 में 11 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे। वह इस टूर्नामेंट में 4 विकेट हॉल लेने वाले छठे भारतीय गेंदबाज बने हैं।
अर्शदीप और अश्विन के अलावा हरभजन सिंह, आरपी सिंह, जहीर खान और प्रज्ञान ओझा भी 4-4 विकेट ले चुके हैं। भारतीय दिग्गज कोहली अपनी पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हुए। उन्हें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर ने अपना शिकार बनाया। वह टी-20 विश्व कप में पहली बार शून्य पर आउट हुए।
कोहली का इस विश्व कप में प्रदर्शन निराशजनक रहा है। पिछले तीन मैचों में उनके स्कोर क्रमश: 1, 4 और 0 के रहे हैं। वह इस विश्व कप में बतौर सलामी बल्लेबाज खेल रहे हैं, यह बदलाव उन्हें रास नहीं आ रहा है।
अमेरिका पर स्टॉप क्लॉक रूल के मुताबिक 5 रन का जुर्माना लगा। इस नियम के मुताबिक, गेंदबाजी करने वाली टीम को 1 मिनट के अंदर अपना दूसरा ओवर शुरू करना होता है।
यदि गेंदबाजी टीम पिछले ओवर के पूरा होने के 60 सेकंड के भीतर अगला ओवर फेंकने के लिए तैयार नहीं है, तो एक पारी में तीसरी बार ऐसा होने पर 5 रन का जुर्माना लगता है। भारतीय पारी के दौरान अमेरिका ने 3 बार ये गलती की।
भारत ने जब 10 रन के स्कोर पर रोहित के रूप में दूसरा विकेट खोया, तब सूर्यकुमार क्रीज पर आए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यकुमार ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 18वां अर्धशतक 49 गेंदों में पूरा किया।
यह मौजूदा संस्करण में उनके बल्ले से निकलने वाली पहली अर्धशतकीय पारी रही। वह 2 चौकों और इतने ही छक्के से 50 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने शिवम दुबे (31*) के साथ 67 रन की अटूट साझेदारी की। तीसरी जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम 6 अंको (+1.137) के साथ ग्रुप-A में शीर्ष पर बरकरार है।
भारत को इस ग्रुप में अपने आखिरी मैच में कनाडा टीम से 15 जून को भिड़ना है। अपनी पहली शिकस्त झेलने वाली अमेरिका टीम 4 अंको (+0.127) के साथ दूसरे पायदान पर है। पाकिस्तान तीसरे स्थान पर है। कनाडा चौथे और आयरलैंड 5वें स्थान पर है।