Trending

टी-20 विश्व कप : पापुआ न्यू गिनी को हराकर सुपर-8 में अफगानिस्तान की एंट्री

टी-20 विश्व कप में अफगानिस्तान टीम ने पापुआ न्यू गिनी को 7 विकेट से हराया। इसी के साथ राशिद खान की टीम सुपर-8 में पहुंच गई है। न्यूजीलैंड को अफगानिस्तान की इस जीत से बड़ा झटका लगा है। वह सुपर-8 की रेस से बाहर हो गई है।

@Getty Images

कीवी टीम साल 1987 के बाद पहली बार किसी भी विश्व कप के ग्रुप स्टेज से बाहर हुई है। मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और एक समय पापुआ न्यू गिनी के 5 बल्लेबाज 30 रन पर पवेलियन लौट गए थे।

विकेटकीपर बल्लेबाज किप्लिन डोरिगा के 27 रन की मदद से पापुआ न्यू गिनी 19.5 ओवर में 95 रन बनाने में सफल रही। फजलहक फारूकी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। जवाब में अफगानिस्तान ने 15.1 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

@ICC/Getty Images

मुकाबले में अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने 2.5 ओवर गेंदबाजी की और 2 विकेट अपने नाम किए। इसी के साथ इस गेंदबाज ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 50 विकेट पूरे कर लिए।

वह ऐसा करने वाले अफगानिस्तान के सिर्फ चौथे गेंदबाज बने हैं। नवीन ने 40वें मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की। उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ मुजीब उर रहमान (59), मोहम्मद नबी (95) और राशिद (142) ने लिए हैं।

फारूकी ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट झटके। उनकी इकॉनमी 4 की रही। यह खिलाड़ी इस विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला गेंदबाज है। उन्होंने 3 मुकाबले खेले हैं और 3.50 की औसत से 12 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी 3.70 की रही है। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं।

कोई और गेंदबाज अब तक इस विश्व कप में 10 विकेट नहीं ले पाया है। ग्रुप-C से वेस्टइंडीज टीम और अफगानिस्तान सुपर-8 में पहुंची है। वेस्टइंडीज ने 3 मुकाबले खेले हैं और उन्हें सभी में जीत मिली है। उनके 6 अंक हैं।

अफगानिस्तान ने भी अपने 3 मुकाबलों में जीत दर्ज कर 6 अंक के साथ सुपर-8 में पहुंची है। न्यूजीलैंड ने पहले 2 मैच अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ हारे और उनके अभी 0 अंक हैं। अगर वह आने वाले 2 मुकाबले जीत भी जाते हैं तो उनके सिर्फ 4 अंक होंगे।