9 साल बाद हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने किया बकाया बिजली बिल का भुगतान
हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने लंबे समय से पेंडिंग पड़े बिजली बिल का भुगतान किया है। एचसीए ने 9 साल बाद जाकर बकाया बिजली का निपटारा कर दिया है।

एचसीए को बिजली बिल के चलते आईपीएल 2024 के दौरान फजीहत का सामना करना पड़ा था। बिजली विभाग ने आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मैच से पहले राजीव गांधी स्टेडियम की बत्ती काट दी थी।
दोनों टीमें हैदराबाद के स्टेडियम में जब रात को 8 बजे प्रैक्टिस कर रही थीं, तभी बिजली काट दी गई थी। एचसीए ने तेलंगाना स्टेट सदर्न पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड से बात कर बिजली आपूर्ति बहाल करवा ली थी और मैच तय शेड्यूल के अनुसार हुआ।
हैदराबाद टीम ने 6 विकेट से चेन्नई को धूल चटाई थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, एचसीए चीफ ए. जगनमोहन राव ने 1.64 करोड़ रुपये के बकाए बिजली बिल का भुगतान किया, जो 2015 से पेंडिंग था। एसोसिएशन ने आईपीएल मैच के दौरान 15 लाख रुपये का भुगतान किया था। मंगलवार को एचसीए ने टीएसएसपीडीसीएल के सीएमडी मुशर्रफ अली फारूकी को 1,48,94,521 रुपये का चेक सौंपा।
एचसीए चीफ ने कहा कि हमने आईपीएल के दौरान पहली किस्त के रूप में लगभग 15 लाख रुपये का भुगतान किया था। उन्होंने कहा कि हमने शेष राशि चार से पांच किस्तों में चुकाने के बारे में सोचा था, एचसीए की प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए हमने एक ही बार में पूरा बिल चुका दिया।
आज हमने टीएसएसपीडीसीएल के सीएमडी को 1,48,94,521 रुपये का चेक सौंपा है। राव ने फारूकी से उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया, जिन्होंने आईपीएल में क्रिकेटरों की प्रैक्टिस के दौरान बिजली काट दी थी।