टी-20 विश्व कप : शाई होप की शानदार पारी ने वेस्टइंडीज को दिलाई जीत
टी-20 विश्व कप में मेजबान वेस्टइंडीज ने सह मेजबान अमेरिका को 9 विकेट से हराया। यह वेस्टइंडीज की सुपर-8 में पहली जीत है, अमेरिका की दूसरी हार है। दोनों टीमों को अपने पहले मुकाबले में हार मिली थी।

अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन पर ढेर हो गई थी। जवाब में वेस्टइंडीज ने 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और 3 रन के कुल स्कोर पर उसे पहली सफलता भी मिल गई।
अमेरिका के लिए एंड्रीज गौस (29), नीतीश कुमार (20) ने साझेदारी निभाई, बाद में कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया और पूरी टीम 19.5 ओवर में 128 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में वेस्टइंडीज ने शाई होप (82) और निकोलस पूरन (27) की पारियों से 10.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

मैच में अमेरिका की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही। कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। टीम से एंड्रीज गौस (29) और नीतीश कुमार (20) ने रन बनाए। 5 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, अन्य बल्लेबाज क्रीज पर टिकने के बाद विकेट फेंककर पवेलियन लौट गए।
यही कारण रहा कि टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 128 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज के लिए रोस्टन चेज ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। उन्होंने एरोन जोन्स (11), कोरी एंडरसन (7) और हरमीत सिंह (0) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन खर्च किए।

आंद्रे रसेल ने 3.5 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्होंने स्टीवन टेलर (2), शैडली वैन शल्कविक (18) और सौरभ नेत्रवलकर (0) को आउट किया। अल्जारी जोसेफ ने 2 और गुडाकेश मोती ने 1 विकेट लिया।
मैच में वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज होप ने तूफानी पारी खेलते हुए 26 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। इसके अलावा यह उनका टी-20 विश्व कप और अमेरिका के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा है।
उन्होंने पहली गेंद से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज को जीत की पटरी पर ला दिया। वह 39 गेंदों में 4 चौके और 8 छक्कों से 82 रन बनाकर नाबाद रहे।