गोल्फर अदिति और दीक्षा को मिला पेरिस ओलंपिक का टिकट
विश्व रैंकिंग के आधार पर गोल्फर अदिति अशोक और दीक्षा डागर ने पेरिस ओलंपिक के टिकट हासिल कर लिये। दोनों महिला प्लेयर्स से पहले शुभंकर शर्मा और गगनजीत भुल्लर (पुरुष वर्ग) ने ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन पक्का कर लिया था।

इससे चार सदस्यीय भारतीय टीम 26 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाले खेलों में चुनौती पेश करेंगी। अदिति पहली भारतीय गोल्फर है जो तीसरी बार ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। दीक्षा के लिए यह दूसरा मौका होगा, शुभंकर और भुल्लर पहली बार इन खेलों में चुनौती पेश करेंगे।
ओलंपिक में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अदिति ने ही किया है। वह ओलंपिक में पदक से चूक कर चौथे स्थान पर रही थी। ओलंपिक प्रविष्टियां भारतीय गोल्फ संघ द्वारा भेजी जाती हैं।
ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन रैंकिंग द्वारा निर्धारित की जाती है, जो आधिकारिक विश्व गोल्फ रैंकिंग (ओडब्ल्यूजीआर) के माध्यम से 60 पुरुष और इतनी ही महिला खिलाड़ियों तक सीमित है। ओडब्ल्यूजीआर में शीर्ष 15 खिलाड़ी ओलंपिक के लिए पात्र होते है। इसमें एक देश से अधिकतम चार गोल्फरों की अनुमति है।
इसके बाद ओलंपिक गोल्फ रैंकिंग (ओजीआर) के आधार पर खिलाड़ियों को कोटा मिलता है। इसमें एक देश से अधिकतम दो खिलाड़ी जगह पात्र होते है बशर्ते उस देश को ओडब्ल्यूजीआर के कोटे से जगह नहीं मिली हो।
अदिति 24वें स्थान के साथ भारत की शीर्ष महिला खिलाड़ी है, दीक्षा 40वें पायदान पर है। दीक्षा ओलंपिक और डेफलंपिक्स (बधिर खिलाड़ियों का विशेष ओलंपिक) में भाग लेने वाले इकलौती गोल्फर है। डेफलंपिक्स में उनके नाम दो पदक है।